दरभंगा एयरपोर्ट से पांच माह में 1.66 लाख लोगों ने किया सफर, संजय झा बोले- शानदार रही शुरुआत

दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या शुरुआती पांच महीनों में ही 1.66 लाख हो गयी है. यात्रियों की संख्या के हिसाब से दरभंगा हवाई अड्डा कई पुराने एयरपोर्ट को पीछे छोड़ चुका है.

दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या शुरुआती पांच महीनों में ही 1.66 लाख हो गयी है. यात्रियों की संख्या के हिसाब से दरभंगा हवाई अड्डा कई पुराने एयरपोर्ट को पीछे छोड़ चुका है. उड़ान योजना के तहत पिछले साल आठ नवंबर से यहां से हवाई सेवा की शुरुआत की गयी थी.

सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी संख्या में यात्री यहां से उड़ान भर रहे हैं. शुरुआती दौर में स्पाइस जेट की ओर से महज तीन रूट दिल्ली, मुंबई व बेंगलुरु के लिए हवाई सेवा शुरू की गयी. वर्तमान समय में स्पाइस जेट एयरलांस की सात रूट पर एयर कनेक्टिविटी हो चुकी है.

अब दरभंगा से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता व पुणे की एयर कनेक्टिविटी है. दिल्ली व मुंबई के लिए यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक होने पर एयरपोर्ट से दो-दो विमानों का परिचालन हो रहा है.

इंडिगो व एअर इंडिया ने भी दिखायी दिलचस्पी

यात्रियों की संख्या बढ़ती देख कुछ अन्य एयरलाइंस भी यहां से हवाई सेवा शुरू करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं. इसके अंतर्गत इंडिगो, एअर इंडिया एयरलाइंस दरभंगा से उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर विभागीय संपर्क में हैं.

सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रियों की बढ़ती संख्या पर हर्ष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि दरभंगा एयरपोर्ट की शानदार शुरुआत रही है. यहां से विमानों के आवागमन के शुरुआती पांच माह के आंकड़े इसके गवाह हैं. हम मिथिलावासियों के लिए यह गौरव की बात है. देश के बड़े शहरों से दरभंगा आना-जाना काफी आसान हो गया है.

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >