पटना: मीठापुर बस स्टैंड के पास सोमवार की सुबह घर से टहलने निकली महिला की बस से कुचल कर मौत हो गयी. महिला की साड़ी बगल से गुजर रही बस के चक्के में फंस गयी और वह घसीट कर चक्के के नीचे आ गयी.
सिर पर बस का चक्का चढ़ जाने से मौत हो गयी. बाइपास थाना क्षेत्र के मरचा-मरची की लालती देवी (55 वर्ष) चार दिनों से जक्कनपुर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही थी. सोमवार को वह सुबह घर से टहलने निकली थी. वह मीठापुर बस स्टैंड के गेट नंबर दो से गुजर रही थी.
बताया जाता है कि इस दौरान उसकी साड़ी पीछे से आ रही एक बस में फंस गयी. वह तेजी से घसीटा गयी और चक्के के नीचे आ गयी. महिला की तत्काल घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के तत्काल बाद बगल में जक्कनपुर थाने को खबर दी गयी. पुलिस ने बस व ड्राइवर को अपने कब्जे में ले लिया.
