पटना/फुलवारीशरीफ: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना देश को गरीबी व कुपोषण से मुक्त कराने का है. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर 25 दिसंबर को पटना एम्स को राष्ट्र को समर्पित किया जायेगा. पटना का एम्स आधुनिक तकनीक से लैस होगा व विश्व के सर्वोच्च अस्पतालों में शामिल होगा.
शनिवार को फुलवारीशरीफ स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निरीक्षण के दौरान उन्होंने देश में डॉक्टरों की भारी कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि कई मेडिकल कॉलेज व नर्सिग संस्थान खोले जायेंगे. उन्होंने एम्स निर्माण में देरी का ठीकरा पिछली सरकार पर थोपा. कहा, इसके निर्माण के लिए जितनी राशि की जरूरत पड़ेगी, केंद्र सरकार अविलंब उपलब्ध करायेगी. यहां की मेडिकल सुविधा, नर्सिग हॉस्टल, ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर, दवा वितरण आदि की व्यवस्था नंबर वन ग्रेड की होगी.इंसेफ्लाइटिस पर उन्होंने कहा कि इस बीमारी के साथ-साथ कालाजार की रोकथाम पटना एम्स के लिए चैलेंज है.
मुजफ्फरपुर में हर्षवर्धन बोले पांच जिलों में खुलेगा वॉयरोलॉजी लैब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने मुजफ्फरपुर में एइएस पीड़ित बच्चों का हाल जानने के बाद कहा, बिहार के पांच जिलों में वॉयरोलॉजी लैब खोले जायेंगे. इनमें बेतिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर व नालंदा के मेडिकल कॉलेज शामिल हैं.
एक सौ बेडों का पीआइसीयू जल्द : स्वास्थ्य मंत्री ने पीआइसीयू की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर भी नाराजगी जतायी और कहा, एक सौ बेड का पीआइसीयू जल्दी ही बनाया जायेगा. साथ ही जिन अन्य जिलों में बीमारी फैली है, वहां भी दस बेड का पीआइसीयू बनाया जायेगा.
