बिहार में जलती चिता से पुलिस उठा ले गई महिला का शव, जानिए क्या है पूरा मामला

Bihar Crime News: वैशाली में एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद जलती चिता बुझाकर पुलिस ने शव कब्जे में लिया. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती की मौत के बाद उसके शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार किया जा रहा था. इसी बीच मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलती चिता बुझाकर शव को कब्जे में ले लिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

दहेज के लिए प्रताड़ना, फिर हत्या का आरोप

मृतका की पहचान 20 वर्षीय खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. घटना लालगंज थाना क्षेत्र के पिरापुर गांव की है. परिजनों का आरोप है कि खुशबू की शादी करीब दो साल पहले रवि कुमार से हुई थी. शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं.

पेट्रोल डालकर जलाया, फिर अस्पताल में दी गई मौत?

मृतका के भाई रोशन कुमार और मां का आरोप है कि 19 मार्च को ससुराल वालों ने खुशबू के साथ मारपीट की और बाइक से पेट्रोल निकालकर उस पर डाल दिया, फिर आग लगा दी. गंभीर हालत में उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान साजिश के तहत उसे जहर का इंजेक्शन देकर मार दिया गया.

गंडक किनारे हो रहा था अंतिम संस्कार, तभी पहुंची पुलिस

आरोप है कि मौत के बाद ससुराल वालों ने बिना मायके वालों को सूचना दिए गंडक नदी के किनारे शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया. जैसे ही इसकी जानकारी मायके पक्ष को मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने जलती चिता को बुझाया, लेकिन तब तक शव काफी हद तक जल चुका था और केवल अवशेष ही बचे थे.

ससुर गिरफ्तार, 7 के खिलाफ केस दर्ज

मामले में मायके पक्ष ने पति रवि कुमार, ससुर भरत राय, सास, तीन देवर- पुतुल, रंजन, अंकुश और ननद मनीषा कुमारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मौके से ही ससुर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

जांच में जुटी पुलिस, FSL टीम को बुलाया गया

एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.

Also Read: अवैध संबंध के शक में सनकी पति बना हैवान, पत्नी की हत्या कर गड्ढे में दफनाया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >