पटना: विधानसभा परिसर सोमवार को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बिंदु बना रहा. राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल होनेवाला था. नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था, इसलिए परिसर में 11 बजे के बाद सबकी निगाहें अटकी थीं.
उत्सुकता इस बात को लेकर नहीं थी कि नामांकन करनेवाले जदयू के तीन उम्मीदवार कौन-कौन हैं, बल्कि सब ये जानना चाह रहे थे कि जदयू के बागी विधायक किस उम्मीदवार को मैदान में उतारते हैं. साथ ही भाजपा किस उम्मीदवार को समर्थन देती है.
जदयू के उम्मीदवारों के नामांकन करने का समय 1.30 बजे निर्धारित था. सबसे पहले गुलाम रसूल निर्धारित समय के पहले दोपहर 12.41 बजे विधानसभा पहुंचे. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधान परिषद में 12 बजे के पहले पहुंच गये थे. वे अपने कक्ष में बैठे रहे. मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी 1.07 बजे विधानसभा पहुंचे और अपने कार्यालय कक्ष में आकर बैठे. मुख्यमंत्री के कक्ष में पहुंचने के बाद जदयू के राज्यसभा प्रत्याशी पवन कुमार वर्मा पहुंचे. अब इंतजार हो रहा था जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव का.
शरद यादव दोपहर 1.20 बजे मुख्यमंत्री कक्ष में प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, श्रवण कुमार, विजय कुमार चौधरी सहित पहुंचे. इसके बाद शरद यादव, गुलाम रसूल, पवन कुमार वर्मा के साथ नीतीश कुमार विधान सभा सचिव सह निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में पहुंचे. सबसे पहले 1.35 बजे शरद यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया. उसके बाद शपथ पत्र पढ़ा. बाद में गुलाम रसूल और पवन कुमार वर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
यह सब प्रक्रिया 1.43 बजे तक पूरी हो गयी. दोपहर 2.10 बजे से विरोधी खेमे के जदयू विधायकों के समर्थित प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने के लिए निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में पहुंचे. वहां पर राहुल शर्मा पहले से ही बैठे थे. जदयू में बागी विधायकों के समर्थन से सबसे पहले साबिर अली ने 2.15 बजे नामांकन पत्र दाखिल किया. इसके बाद अनिल कुमार शर्मा ने नामांकन पत्र भरा. भाजपा प्रवक्ता संजय मयूख व विधायक नितिन नवीन, संजय टाइगर के साथ दिलीप कुमार जायसवाल निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में पहुंचे. जब साबिर अली और अनिल कुमार शर्मा नामांकन पत्र दाखिल कर रहे थे, उस समय जदयू के विधायकों में राहुल शर्मा, डॉ अनिल कुमार, पूनम देवी, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, राजू कुमार सिंह, रेणु कुशवाहा, रवींद्र कुमार राय, नीरज कुमार बबलू व निर्दलीय विधायक पवन कुमार जायसवाल मौजूद थे.
