Women's Asia Cup Trophy Controversy: महिला एशिया कप 2026 जीतने के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेने को लेकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम चर्चा में है. अब इस मामले पर विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. मंत्रालय ने साफ किया है कि यह मामला उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के दायरे में है.
MEA ने क्या कहा?
मंगलवार को विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से इस मुद्दे पर सवाल पूछा गया. उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय महिला टीम के ट्रॉफी नहीं लेने का मामला मंत्रालय के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में आता है. इसके जवाब में जायसवाल ने कहा, 'यह मामला BCCI के अधिकार क्षेत्र में आता है और उसी के दायरे में है.'
फाइनल जीतने के बाद मंच पर नहीं पहुंची भारतीय टीम
दरअसल, रविवार को भारत ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 183/5 रन बनाए. जवाब में श्रीलंकाई टीम 111 रन पर सिमट गई और भारत ने 72 रन से मुकाबला जीत लिया.
यह भारत का महिला एशिया कप में आठवां खिताब था. हालांकि, जीत के बाद होने वाली प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं पहुंचीं. एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने के लिए टीम इंडिया मंच पर नहीं गई.
ये भी पढ़ें: Women's Asia Cup: एशिया कप चैंपियन बनकर भी टीम इंडिया ने क्यों नहीं ली ट्रॉफी, जानिए BCCI के फैसले पर क्या बोले कोच
श्रीलंका की कप्तान ने नकवी से लिया रनर-अप चेक
प्रेजेंटेशन के दौरान श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने मोहसिन नकवी से रनर-अप का चेक लिया. इसके बाद भारतीय टीम के ट्रॉफी लेने या उसके साथ जश्न मनाने के विजुअल सामने नहीं आए. श्रीलंका की प्रस्तुति के बाद प्रसारण सीधे स्टूडियो की ओर चला गया.
हालांकि, प्रेजेंटेशन शुरू होने से पहले भारतीय टीम मैदान पर मौजूद थी. टीम ने अपना अलग हडल बनाया हुआ था, जहां मुख्य कोच अमोल मजूमदार खिलाड़ियों से बात कर रहे थे. इसी दौरान BCCI सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को बेस्ट फील्डर का मेडल दिया. नंदनी ने फाइनल में दो कैच पकड़े थे. सैकिया ने खिलाड़ियों से बातचीत की और टीम को खिताबी जीत की बधाई भी दी.
पुरुष टीम भी पहले कर चुकी है ऐसा
भारतीय महिला टीम का यह फैसला पहली बार नहीं है जब किसी भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से दूरी बनाई हो. करीब एक साल पहले भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप जीतने के बाद नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी.
ये भी पढ़ें: Asia Cup Trophy Controversy: मोहसिन नकवी के ACC चीफ बनने से अब तक कैसे उलझते गए भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट रिश्ते?
