Who is Shaik Rasheed: भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है. युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसे में उनकी जगह टीम में किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, युवा बल्लेबाज शेख रशीद को साई सुदर्शन के संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है. शेख रशीद घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. खास बात यह है कि वह हाल ही में इंडिया ए के साथ श्रीलंका दौरे पर थे. उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ गाले में दो मैच खेले और चार पारियों में 128 रन बनाए. एक पारी में उन्होंने अर्धशतक भी जड़ा था. यही वजह है कि श्रीलंका की परिस्थितियों से उनकी परिचितता भी उन्हें बाकी दावेदारों पर बढ़त दिला सकती है. भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट गॉल में खेला जाना है. ऐसे में रशीद के हालिया गाले अनुभव को टीम मैनेजमेंट उपयोगी मान सकता है.
कौन हैं शेख रशीद?
शेख रशीद का जन्म 24 सितंबर 2004 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर में हुआ था. उन्होंने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था. रशीद भारत की उस अंडर-19 टीम का हिस्सा थे, जिसने 2022 में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था. इस टीम में वह उपकप्तान की भूमिका में थे. इससे पहले 2021 में उन्होंने अंडर-19 एशिया कप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में रशीद ने नाबाद 90 रन की शानदार पारी खेली थी. उनकी बल्लेबाजी तकनीक और मुश्किल परिस्थितियों में पारी संभालने की क्षमता ने तभी से उन्हें भारतीय क्रिकेट के भविष्य के खिलाड़ियों में शामिल कर दिया था.
रणजी ट्रॉफी से शुरू हुआ फर्स्ट क्लास करियर
शेख रशीद ने 24 फरवरी 2022 को आंध्र प्रदेश की ओर से सर्विसेज के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था. अपने पहले फर्स्ट क्लास मुकाबले में वह 23 रन ही बना सके, लेकिन इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार खुद को बेहतर किया. उसी साल रशीद ने लिस्ट ए और टी20 क्रिकेट में भी डेब्यू किया. धीरे-धीरे उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत की और लंबी पारियां खेलने वाले बल्लेबाज के रूप में पहचान बनाई.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार आंकड़े
दाएं हाथ के बल्लेबाज शेख रशीद जरूरत पड़ने पर स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं. हालांकि उनकी प्राथमिक भूमिका बल्लेबाज की ही है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके आंकड़े उनकी क्षमता की गवाही देते हैं. रशीद ने अब तक 29 फर्स्ट क्लास मैचों की 47 पारियों में 1,959 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 46.64 का है, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 203 रन है. इन आंकड़ों से साफ है कि रशीद में बड़ी पारियां खेलने की क्षमता है. टेस्ट क्रिकेट में किसी बल्लेबाज के लिए यह गुण बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यहां सिर्फ तेज शुरुआत करने के बजाय लंबे समय तक क्रीज पर टिककर रन बनाना महत्वपूर्ण होता है.
लिस्ट ए और टी20 में भी कर चुके हैं प्रभावित
लिस्ट ए क्रिकेट में शेख रशीद ने 15 मुकाबले खेले हैं और उनके नाम 219 रन हैं. वहीं टी20 क्रिकेट में उन्होंने 28 पारियों में 533 रन बनाए हैं. इस फॉर्मेट में उनके नाम एक शतक भी दर्ज है, जबकि वह दो अर्धशतकीय पारियां भी खेल चुके हैं. यानी रशीद ने अलग-अलग फॉर्मेट में खेलने का अनुभव हासिल किया है. उनकी बल्लेबाजी में तकनीक के साथ आक्रामक शॉट खेलने की क्षमता भी दिखाई देती है.
IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कर चुके हैं डेब्यू
शेख रशीद को इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2023 में अपनी टीम में शामिल किया था. हालांकि उन्हें आईपीएल डेब्यू के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ा. उन्होंने IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू किया. उस सीजन उन्हें पांच मुकाबलों में खेलने का मौका मिला, जहां वह उम्मीद के मुताबिक बड़ी पारी नहीं खेल सके। पांच मैचों में उन्होंने कुल 71 रन बनाए. इसके बावजूद घरेलू क्रिकेट में उनका लगातार प्रदर्शन यह बताता है कि उनमें लंबी रेस का खिलाड़ी बनने की क्षमता मौजूद है.
इसे भी पढ़े- WTC 2025-27: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट, जानें तारीख और वेन्यू
2026 में भी बल्ले से दिखाया दम
साल 2026 में भी शेख रशीद का प्रदर्शन चर्चा में रहा है. उन्होंने आंध्र प्रदेश के लिए तीन फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं. इनमें विदर्भ के खिलाफ उनकी 132 रन की नाबाद पारी खास रही. इस पारी ने एक बार फिर साबित किया कि रशीद दबाव की परिस्थितियों में बड़ी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका मजबूत रिकॉर्ड भी इसी ओर इशारा करता है कि टेस्ट क्रिकेट में मौका मिलने पर वह लंबी पारी खेल सकते हैं.
श्रीलंका ए के खिलाफ गाले में किया शानदार प्रदर्शन
शेख रशीद के संभावित चयन की सबसे बड़ी वजहों में से एक उनका हालिया श्रीलंका दौरा भी है. पिछले महीने वह इंडिया ए की टीम के साथ श्रीलंका ए के खिलाफ खेलने पहुंचे थे. गाले में खेले गए दो मैचों में रशीद ने चार पारियों में कुल 128 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतकीय पारी भी खेली. उन्होंने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ये मुकाबले उसी गाले मैदान पर खेले गए थे, जहां भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला होना है.
बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी का भी विकल्प
रशीद की एक और खासियत यह है कि वह बल्लेबाजी के अलावा स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं. हालांकि उन्हें एक्सपर्ट गेंदबाज के तौर पर नहीं देखा जाता, लेकिन जरूरत पड़ने पर कप्तान को कुछ ओवर देने की क्षमता उनके पास है. टेस्ट टीम में चयन के लिहाज से यह अतिरिक्त कौशल भी उनके लिए फायदेमंद हो सकता है. हालांकि अंतिम फैसला टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं को करना है.
इसे भी पढ़े- रवींद्र जडेजा ने की कुलदीप यादव की नकल, गंभीर भी नहीं रोक पाए हंसी
