Varun Chakarvarthy Ruled Out: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के बीच टीम इंडिया को वरुण चक्रवर्ती की चोट के रूप में झटका लगा है. भारतीय स्पिनर अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाकी दोनों मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. वरुण को पहले टी20 मुकाबले के दौरान बाएं हिस्से के पेट में परेशानी हुई थी. जांच के बाद उनके साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई.
दो महीनें पहले की थी वापसी वरुण चक्रवर्ती ने करीब दो महीने बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी की थी. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में उन्होंने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट लिया था. हालांकि, इसी मुकाबले के दौरान उन्हें चोट लगी और अब वह सीरीज के लास्ट मैच में टीम का हिस्सा नहीं होंगे.
पहले टी20 में गेंदबाजी के दौरान लगी चोट
BCCI के मुताबिक, पहले टी20 में गेंदबाजी करते समय वरुण चक्रवर्ती को बाएं हिस्से के पेट में परेशानी महसूस हुई थी. वह अपने तीसरे ओवर के दौरान असहज नजर आए थे. इसके बाद उनका स्कैन कराया गया, जिसमें साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई. इसी वजह से उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी टी20 मैचों से बाहर कर दिया गया.
वरुण ने इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद भारतीय टीम से बाहर समय बिताया था. अफगानिस्तान के खिलाफ वापसी के पहले ही मुकाबले में उन्होंने प्रभावी गेंदबाजी की थी. अब चोट के कारण उन्हें एक बार फिर टीम से बाहर होना पड़ा है.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
वरुण की जगह रवि बिश्नोई को मिला मौका
वरुण चक्रवर्ती के चोटिल होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे टी20 में उनकी जगह रवि बिश्नोई को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. वहीं वरुण अगर एशियन गेम्स से बाहर होते हैं तो भारतीय टीम के सामने उनकी जगह भरने के लिए विकल्प की तलाश करनी होगी. ऐसे में भारतीय टीम के स्पिन विभाग में बिश्नोई की भूमिका अहम हो गई है.
वरुण के बिना भारत ने जीता दूसरा टी20
वरुण चक्रवर्ती की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम इंडिया ने दूसरे टी20 में अफगानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 159/8 रन बनाए.
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की. अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों में 39 रन बनाए. इसके बाद संजू सैमसन ने सिर्फ 22 गेंदों में 57 रन की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख भारत के पक्ष में कर दिया. ईशान किशन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने नाबाद 15 रन बनाए. भारत ने 14.5 ओवर में 160/3 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया.
अफगानिस्तान के खिलाफ इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और आखिरी टी20 मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG 2nd T20: फॉर्म में लौटे संजू, दूसरे टी20 में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया; 2-0 से जीती सीरीज
