द हंड्रेड 2026 का हुआ आगाज, स्मृति मंधाना के साथ-साथ चार भारतीय खिलाड़ी दिखाएंगी दम

द हंड्रेड 2026 का सातवां सीजन आज से शुरू हो रहा है, जिसमें भारतीय महिला क्रिकेटरों का जलवा दिखेगा. स्मृति मंधाना इस बार नए टीम की जर्सी में नजर आने वाली है. वहीं मंधाना के साथ-साथ कुल 4 इंडियन प्लेयर्स द हंड्रेड लीग में खेलती दिखेंगी.

The Hundred Women's Competition 2026: इंग्लैंड की प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी टी20 प्रतियोगिता द हंड्रेड के सातवें सीजन का आगाज आगाज आज से होने जा रहा है. पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला खिलाड़ियों को ही केवल महिला प्रतियोगिता में खेलने की अनुमति होती है. इस सीजन भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की सबसे ज्यादा नजर स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना पर रहेगी जो कि इस बार संजीव गोयनका की टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से खेलती नजर आने वाली है.

स्मृति खेलेंगी अपना पांचवा सीजन

स्मृति मंधाना पिछले चार सीजन तक वह सदर्न ब्रेव का हिस्सा थीं, लेकिन इस बार नई फ्रेंचाइजी के साथ मैदान पर उतरेंगी. यह उनका द हंड्रेड में पांचवां सीजन होगा. खास बात यह है कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज मेग लैनिंग करेंगी. टीम अब तक टूर्नामेंट के इतिहास में कभी भी शीर्ष चार में जगह नहीं बना सकी है, ऐसे में मंधाना से टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी.

टी-20 में जारी है शानदार फॉर्म

द हंड्रेड में भी उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है. वर्ष 2023 में उन्होंने नौ पारियों में 133.70 की स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाकर सदर्न ब्रेव को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. अब नई टीम के साथ मंधाना उसी प्रदर्शन को दोहराकर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स को पहली बार प्लेऑफ तक पहुंचाने की कोशिश करेंगी. मंधाना के साथ-साथ भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स का हिस्सा होंगी और ओपनिंग लाइन-अप को मजबूती देगी.

जेमिमा और दीप्ति पर भी निगाहें

मंधाना और ऋचा घोष के अलावा भारत की दो अन्य स्टार खिलाड़ी भी इस सीजन में अलग-अलग फ्रेंचाइजियों के लिए खेलेंगी. जेमिमा रोड्रिग्स इस बार सदर्न ब्रेव की जर्सी में नजर आएंगी. वह सनराइजर्स लीड्स (पूर्व में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स) छोड़कर नई टीम से जुड़ी हैं और अपने पुराने शानदार प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगी. वहीं भारत की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलेंगी. दीप्ति ने 2024 सीजन में बल्ले से 212 रन बनाए थे और गेंदबाजी में आठ विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था.

ये भी पढ़ें: कौन हैं मनाल चौहान? जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ जड़ दिए 150 रन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >