Suryakumar Yadav supports Abhishek Sharma: टीम इंडिया के युवा विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए हालिया विदेशी दौरे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे. आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में अभिषेक लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए. खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी निराशा जाहिर करते हुए जल्द मजबूत वापसी का भरोसा दिलाया.
अभिषेक शर्मा ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर क्या कहा
अभिषेक शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा,
“जब आप उन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाते जो लोगों को आपसे होती हैं तो बुरा लगता है, लेकिन यह खेल हमेशा उन्हें ही इनाम देता है जो डटे रहते हैं. खुशी है कि टीम जीती, मैं और मजबूत होकर वापसी करूंगा.” उनके इस संदेश से साफ है कि हालिया प्रदर्शन से वह संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानने और वापसी करने का इरादा भी जाहिर किया है.
सूर्यकुमार यादव ने बढ़ाया अभिषेक का हौसला
अभिषेक शर्मा के इस भावुक पोस्ट पर टीम इंडिया के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कमेंट कर उनका समर्थन किया। सूर्या ने युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए लिखा,
“तुमने लगातार 2 साल मुस्कुराने की कई वजहें दी हैं दोस्त. जब सबसे ज्यादा जरूरत थी तब भारत को गौरवान्वित किया. बस समय की बात है। तुम जैसे हो वैसे ही रहो.”
सूर्यकुमार यादव का यह संदेश अभिषेक के लिए काफी हौसला बढ़ाने वाला माना जा रहा है. सूर्या खुद भी जानते हैं कि एक खिलाड़ी के करियर में खराब दौर आते हैं और धैर्य के साथ वापसी करना ही बड़े खिलाड़ियों की पहचान होती है.
पिछले 10 टी20 मैचों में अभिषेक का प्रदर्शन
अगर अभिषेक शर्मा के पिछले 10 टी20 मैचों के आंकड़ों पर नजर डालें तो उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. उन्होंने इन 10 पारियों में कुल 191 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 166.09 रहा. इन पारियों में अभिषेक के बल्ले से 25 चौके और 8 छक्के निकले. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ आया था, जहां उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 रनों की पारी खेली थी. हालांकि, लगातार बड़े स्कोर नहीं बना पाने की वजह से उनके प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं.
जिम्बाब्वे दौरा रहा सबसे खराब
अभिषेक शर्मा के लिए जिम्बाब्वे दौरा सबसे ज्यादा निराशाजनक रहा. तीन मैचों की टी20 सीरीज में वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. उन्होंने क्रमशः 1, 8 और 2 रन बनाए. टीम इंडिया ने इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया और सीरीज अपने नाम की, लेकिन अभिषेक व्यक्तिगत तौर पर अपनी बल्लेबाजी से खुश नहीं होंगे.
टीम इंडिया को अभिषेक से बड़ी उम्मीदें
अभिषेक शर्मा को भारतीय क्रिकेट में भविष्य के बड़े टी20 बल्लेबाजों में गिना जाता है. आईपीएल में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें पहचान दिलाई और इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली. उनकी खासियत तेज शुरुआत देने की क्षमता है. टीम मैनेजमेंट भी उनसे पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की उम्मीद रखता है. अब अभिषेक शर्मा की नजरें आगामी मुकाबलों पर होंगी, जहां वह अपने फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे. माना जा रहा है कि वह सितंबर में टीम इंडिया के लिए फिर से एक्शन में नजर आ सकते हैं, जब एशियाई खेलों और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज जैसे मुकाबले होंगे. खराब दौर के बावजूद सूर्यकुमार यादव का भरोसा और अभिषेक का आत्मविश्वास बताता है कि यह युवा बल्लेबाज जल्द ही वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है.
इसे भी पढ़े- श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया की बढ़ी मुश्किलें, सुंदर आउट; बुमराह समेत कई खिलाड़ियों की फिटनेस बनी चिंता
