Sunil Gavaskar: भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मुंबई में रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे एयरपोर्ट द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गावस्कर ने अपनी हाजिरजवाबी से वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद गावस्कर मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका मोबाइल फोन बज उठा। फोन की घंटी सुनते ही उन्होंने अपना भाषण रोक दिया और मुस्कुराते हुए दर्शकों से माफी मांगी.
इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “यह पक्का मेरी पत्नी का फोन होगा. मुझे यह कॉल उठाने दीजिए. शायद वह मुझे याद दिलाना चाहती हैं कि मुझे ज्यादा देर तक नहीं बोलना चाहिए.” गावस्कर की यह बात सुनते ही पूरा हॉल ठहाकों और तालियों से गूंज उठा. उनकी सहजता और हास्यपूर्ण अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया.
850 बच्चों को नई जिंदगी देने वाली पहल का जश्न
दरअसल, रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे एयरपोर्ट द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ’ पहल की बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाना था. इस पहल के तहत अब तक 850 जरूरतमंद बच्चों की मुफ्त जीवनरक्षक हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है.
कार्यक्रम के दौरान गावस्कर ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी माता-पिता के चेहरे पर अपने बच्चे के स्वस्थ होने की खुशी देखना उनके लिए किसी डबल सेंचुरी से भी ज्यादा संतोष देने वाला अनुभव है. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से इस पहल से जुड़े हुए हैं और कई मौकों पर बच्चों की सर्जरी का खर्च भी वहन कर चुके हैं.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
गावस्कर का यह छोटा सा मजाकिया पल अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. क्रिकेट फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स इसे बेहद प्यारा और दिल छू लेने वाला पल बता रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि यह घटना दिखाती है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट सितारे भी अपने परिवार के प्रति उतने ही संवेदनशील और जुड़े हुए होते हैं, जितना कोई आम इंसान.
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज से विराट कोहली बाहर, इस धाकड़ खिलाड़ी की हुई टीम इंडिया में एंट्री
