पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया की लगातार खराब फील्डिंग पर चिंता जताते हुए मुख्य कोच गौतम गंभीर को सख्त कदम उठाने की सलाह दी है. गावस्कर का मानना है कि जो खिलाड़ी औसत स्तर की फील्डिंग करते हैं, उन्हें टीम से बाहर कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि कप्तान के लिए यह संभव नहीं है कि वह मैच के दौरान तीन-चार कमजोर फील्डरों को लगातार छिपाता रहे.
जिम्बाब्वे सीरीज में छूटे 10 कैच
हाल के दौरों में भारत की फील्डिंग सवालों के घेरे में रही है. आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे पर टीम ने कई आसान कैच छोड़े. सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों ने 10 कैच टपका दिए. यही वजह है कि टीम के फील्डिंग प्रदर्शन पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
'औसत फील्डरों को दिखाओ बाहर का रास्ता'
स्पोर्टस्टार में लिखे अपने कॉलम में गावस्कर ने कहा-
अगर कोई खिलाड़ी औसत फील्डर है, तो उसे टीम से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए. ऐसा नहीं हो सकता कि कप्तान तीन या चार खिलाड़ियों को इस उम्मीद में छिपाता रहे कि गेंद उनकी तरफ नहीं आएगी.
बल्लेबाजी पर भी दी अहम सलाह
गावस्कर ने कहा कि टीम को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन ईमानदारी से अपनी कमियों का आकलन करना होगा. उन्होंने बल्लेबाजों को शॉट चयन पर ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अपनी छवि के मुताबिक नहीं, बल्कि मैच की परिस्थितियों और गेंद की गुणवत्ता के हिसाब से बल्लेबाजी करनी चाहिए. उनके मुताबिक टी20 में आक्रामक खेल जरूरी है, लेकिन वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों के पास पारी को संभालने और सही समय पर बड़े शॉट खेलने का पर्याप्त समय होता है.
ये भी पढ़ें: 'जब देश का सबसे गंभीर इंसान मुस्कुरा दे...', गौतम गंभीर ने खुद उड़ाया अपना मजाक; पोस्ट वायरल
