खिलाड़ियों के साथ रहेंगे खेल मंत्री, 2030 कॉमनवेल्थ के लिए भारत की मेजबानी की तैयारियों का लेंगे जायजा

2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग मिलेगा, क्योंकि केंद्रीय खेल मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी खेल गांव में मौजूद रहेंगे. इस दौरान 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारियों और अनुभवों के आदान-प्रदान पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा.

CommonWealth Games 2026: 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी खेल गांव में मौजूद रहेंगे. यह जानकारी भारतीय दल के शेफ-डी-मिशन रोहित राजपाल ने दी. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को ऐसा माहौल उपलब्ध कराना है, जिससे वे बिना किसी परेशानी के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें.

सुविधाओं का लेंगे जायजा

रोहित राजपाल ने कहा कि खेल मंत्री स्वयं खिलाड़ियों की सुविधाओं और उनके ठहरने की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भारतीय एथलीट पूरी तरह सहज रहें और उनका पूरा ध्यान प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन पर केंद्रित रहे. उन्होंने बताया कि इन खेलों के दौरान 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, जिसकी मेजबानी भारत करेगा, उससे जुड़ी तैयारियों और अनुभवों के आदान-प्रदान की प्रक्रिया भी शुरू होगी. इसके तहत आयोजन प्रबंधन, संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नॉलेज ट्रांसफर किया जाएगा.

मेजबानी की दिखेगी झलकियां

रोहित राजपाल ने यह भी बताया कि समापन समारोह में अगले मेजबान देश के रूप में भारत को करीब 20 मिनट का सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण करने का अवसर मिलेगा. इस दौरान भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और 2030 खेलों की मेजबानी की झलक पूरी दुनिया के सामने पेश करेगा. भारत में कॉमनवेल्थ के सभी खेलों का आयोजन भारत के अहमदाबाद शहर में किया जाना है.

इस बार केवल 10 खेल ही शामिल

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन पहले की तुलना में काफी छोटे स्तर पर किया जा रहा है. 23 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले इस चार वर्षीय बहु-खेल आयोजन के 23वें संस्करण में केवल 10 खेलों को ही शामिल किया गया है, जो बर्मिंघम 2022 के मुकाबले 9 खेल कम हैं. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज सहित कुल 61 मेडल जीते थे और प्वाइंट्स टेबल में चौथा स्थान हासिल किया था.

इसे भी पढ़े-  रोनाल्डो के एक 'लाइक' ने मचा दिया बवाल, फीफा पर लगे अर्जेंटीना का पक्ष लेने के आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >