IPL 2027 Mini Auction: आईपीएल की अगली मिनी नीलामी भारत में ही आयोजित की जाएगी. रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजियों ने विदेश में ऑक्शन कराने को लेकर आपत्ति जताई थी. टीमों ने विदेशी आयोजन से जुड़ी लॉजिस्टिक चुनौतियों का हवाला दिया, जिसके बाद मंगलवार को हुई आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में मिनी ऑक्शन भारत में कराने का फैसला लिया गया.
हालांकि, आईपीएल का मेगा ऑक्शन एक बार फिर विदेश में आयोजित किया जा सकता है. पिछले तीन आईपीएल ऑक्शन दुबई, जेद्दा और अबू धाबी में आयोजित किए गए थे. भारत में आखिरी बार आईपीएल ऑक्शन कोच्चि में हुआ था.
अक्टूबर से दिसंबर के बीच हो सकता है मिनी ऑक्शन
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, मिनी ऑक्शन की तारीख अभी तय नहीं हुई है. इसके अक्टूबर से दिसंबर के बीच आयोजित होने की संभावना है. इस दौरान भारत में शादियों का सीजन भी रहता है, इसलिए आयोजन के लिए उपयुक्त फाइव-स्टार होटल और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता अहम होगी.
बीसीसीआई को फ्रेंचाइजियों और ऑक्शन से जुड़े अधिकारियों के ठहरने के लिए 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत होगी. ऐसे में आयोजन स्थल का चयन होटल की उपलब्धता और दूसरी लॉजिस्टिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: BBL 2026-27: फिन एलन से बेन स्टोक्स तक, कौन किस टीम का होगा हिस्सा; देखें स्टार प्लेयर्स की पूरी लिस्ट
अक्टूबर में हो सकता है WPL ऑक्शन
महिला प्रीमियर लीग (WPL) के अगले ऑक्शन को लेकर भी तस्वीर साफ होती नजर आ रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, WPL 2027 का ऑक्शन अक्टूबर महीने के अंत तक को कोच्चि में आयोजित किए जाने की संभावना है.
वहीं, अगले WPL सीजन के कुछ मुकाबले वाराणसी में भी खेले जा सकते हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर वाराणसी में बन रहा नया क्रिकेट स्टेडियम जनवरी 2027 तक तैयार हो जाता है, तो बीसीसीआई वहां WPL के कुछ मैच कराने की संभावना तलाश रहा है. इसके अलावा मुंबई का ब्रेबोर्न स्टेडियम और वडोदरा का कोटांबी स्टेडियम भी अगले सीजन के मुकाबलों की मेजबानी करेंगे.
बीसीसीआई की एक टीम वाराणसी के नए स्टेडियम का निरीक्षण करेगी और यह आकलन करेगी कि वह WPL मैचों की मेजबानी के लिए तैयार है या नहीं. चूंकि यह नया मैदान है, इसलिए टूर्नामेंट से पहले वहां घरेलू या अभ्यास मैच कराने की भी जरूरत होगी.
इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर फैसला अक्टूबर में
आईपीएल के चर्चित इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर भी अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने इस नियम को लेकर अपना फीडबैक बीसीसीआई को दे दिया है. अब इस मुद्दे पर अगले महीने होने वाली आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में चर्चा होगी. अक्टूबर में होने वाली बैठक में इम्पैक्ट प्लेयर नियम को जारी रखने या उसमें बदलाव करने को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
