Shreyas Iyer reaction: भारतीय टी20 टीम के नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर करते हुए श्रेयस अय्यर को नया कप्तान चुना है। दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए एक साथ खेलते हैं। इस बड़ी घोषणा के बाद मुंबई टी20 लीग के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा कि टीम इंडिया की कप्तानी संभालना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण है.
कप्तान बनने के बाद क्या बोले श्रेयस अय्यर
भारतीय टी20 टीम की कमान संभालने के बाद श्रेयस अय्यर ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है. मुंबई टी20 लीग के दौरान जब उनसे नए सफर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे अपने लिए एक गौरवशाली क्षण बताया. अय्यर ने कहा कि देश की टीम का नेतृत्व करना उनके लिए एक बेहद खास अनुभव है. इसके साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फैंस से मिले प्यार और समर्थन के लिए वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे और दिल से उनका सम्मान करते हैं.
विश्व कप जिताने के बाद भी सूर्या बाहर
भारतीय क्रिकेट में एक युग का अंत और एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है. साल 2024 में टी20 टीम इंडिया की कमान संभालने वाले सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. सूर्या ने लगभग दो साल तक टीम का सफल नेतृत्व किया और अपनी कप्तानी में भारत को 2026 टी20 विश्व कप का चैंपियन भी बनाया. हालांकि, विश्व कप जीतने के बाद भी उनकी व्यक्तिगत फॉर्म लगातार चिंता का विषय बनी हुई थी, जिसके कारण चयनकर्ताओं को यह कड़ा फैसला लेना पड़ा. अब उनकी जगह मुंबई के ही उनके साथी श्रेयस अय्यर को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है.
अय्यर के सामने 2 बड़ी चुनौती
भारतीय टी20 क्रिकेट में श्रेयस अय्यर का एक नया और बेहद महत्वपूर्ण दौर शुरू हो चुका है. साल 2023 के बाद टी20 टीम में बतौर कप्तान वापसी करने वाले अय्यर के कंधों पर अब टीम इंडिया के भविष्य की दो सबसे बड़ी जिम्मेदारियां हैं. चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताते हुए 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने और भारत के टी20 विश्व कप खिताब को बरकरार रखने का बड़ा लक्ष्य सौंपा है. इस महा-मिशन की शुरुआत श्रेयस अय्यर आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से करेंगे, जहां वह नए कॉम्बिनेशन के साथ अपनी रणनीति को अमलीजामा पहनाना शुरू करेंगे.
यह भी पढ़े- पाटीदार को क्यों नहीं मिला टीम इंडिया में मौका, चीफ सेलेक्टर अगरकर ने खुद बताई वजह
