Sam Bodiano 100 KM Run: क्रिकेट में आपने कई ऐसे गेंदबाज देखे होंगे, जिनका रन-अप काफी लंबा होता है. लेकिन क्या आपने कभी किसी गेंदबाज को गेंद डालने से पहले 100 किलोमीटर दौड़ते हुए देखा है? इंग्लैंड के सैम बोडियानो ने कुछ ऐसा ही किया है. उन्होंने करीब 14 घंटे दौड़कर 100 किलोमीटर की दूरी पूरी की और इसके बाद क्रिकेट मैच की पहली गेंद अपने पिता को डाली. अब उनके इस प्रयास को Guinness World Records की ओर से सत्यापित किया जा रहा है.
Lord’s से शुरू हुई 100 KM की अनोखी दौड़
सैम बोडियानो ने शनिवार, 29 अगस्त की रात करीब 12 बजे अपनी चुनौती शुरू की. उन्होंने लंदन स्थित ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से दौड़ना शुरू किया और करीब 100 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रविवार दोपहर वोकिंग स्थित वैली एंड क्रिकेट क्लब पहुंचे.
करीब 14 घंटे की दौड़ के बाद जब वह क्रिकेट मैदान पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने पिता को मैच की पहली गेंद डालकर इस अनोखी चुनौती को पूरा किया. यानी जिस रन-अप को आमतौर पर गेंदबाज कुछ दर्जन मीटर में पूरा करता है, बोडियानो ने उसे एक तरह की मैराथन में बदल दिया.
कैंसर मरीजों के लिए जुटाए पैसे
बोडियानो की इस चुनौती का मकसद सिर्फ रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराना नहीं था. उन्होंने इस दौड़ के जरिए कैंसर से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए फंड भी जुटाया. इस अभियान के जरिए उन्होंने करीब 6,000 पाउंड की राशि जुटाई, जिसे द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन के लिए दिया जाएगा. यह संस्था इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने अपनी पत्नी रूथ की याद में स्थापित की थी. रूथ का 46 वर्ष की उम्र में फेफड़ों के एक दुर्लभ प्रकार के कैंसर से निधन हो गया था.
चुनौती पूरी करने के बाद बोडियानो ने कहा, 'मैं बहुत थका हुआ हूं और मेरी काफी नींद पूरी नहीं हुई, लेकिन यह सब एक शानदार उद्देश्य के लिए था.'
ये भी पढ़ें: IPL 2027: CSK से फिर जुड़ना चाहते हैं सुरेश रैना, बोले- इच्छा जाहिर कर दी, अब फैसला मैनेजमेंट का
क्या Sam Bodiano बनाएंगे Guinness World Record?
अगर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की आधिकारिक मंजूरी मिलती है, तो बोडियानो क्रिकेट में सबसे लंबे बॉलिंग रन-अप का पुरुष रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड टॉम डन के नाम है. डन ने अगस्त 2024 में लंदन के बेथनल ग्रीन से वैंड्सवर्थ कॉमन तक करीब 24 किलोमीटर दौड़ने के बाद गेंदबाजी की थी.
बोडियानो ने इससे कई गुना ज्यादा दूरी तय की है. हालांकि, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के नियमों के मुताबिक केवल दूरी तय करना ही पर्याप्त नहीं था. उन्हें क्रिकेट की गेंद साथ लेकर दौड़ना, क्रिकेट के पूरे सफेद कपड़े पहनना और दौड़ पूरी करने के बाद मैच में गेंद डालना जरूरी था. बोडियानो ने इन सभी शर्तों को पूरा किया. फिर भी फिलहाल इस प्रयास को आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं माना जा सकता. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रवक्ता के मुताबिक, बोडियानो की ओर से जमा किए गए सबूतों की औपचारिक समीक्षा और सत्यापन किया जाएगा. इस प्रक्रिया में करीब दो सप्ताह तक का समय लग सकता है.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: लिटन दास को मिली बांग्लादेश की कमान, नाहिद राणा-तस्किन अहमद चोट के कारण बाहर
