Priyanka Saroj CJP protest: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद और क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज मंगलवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल हुईं. उनके इस कदम के बाद दिल्ली, लखनऊ और जौनपुर की राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है. प्रिया सरोज ने कहा कि वह यहां सांसद के तौर पर नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों की प्रतिनिधि बनकर पहुंची हैं. CJP की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं से जुड़े मुद्दों और कथित NEET (नीट) पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं. प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. आंदोलन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं.
सोनम वांगचुक से मिलीं प्रिया सरोज
जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन में शिक्षाविद और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी मौजूद हैं. वांगचुक पिछले 17 दिनों से अनशन पर हैं. प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने के बाद प्रिया सरोज ने सबसे पहले सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन में शामिल अन्य नेताओं और समर्थकों से बातचीत की. समर्थकों ने प्रिया सरोज का स्वागत किया और आंदोलन के प्रति उनके समर्थन की सराहना की.
प्रिया सरोज ने किया ऐलान
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रिया सरोज ने कहा, “मैं यहां सांसद के रूप में नहीं आई हूं. मैं युवाओं और छात्रों की प्रतिनिधि बनकर आई हूं.” उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत है. उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा, “मैं इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाऊंगी.”
प्रिया सरोज ने सरकार पर साधा निशाना
प्रिया सरोज ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि संघर्ष को मजबूती के साथ जारी रखना होगा. उन्होंने कहा, “वे हमें बांटने और हमारे बीच नफरत फैलाने की कोशिश करेंगे. हमें अपने संघर्ष को पूरी दृढ़ता के साथ जारी रखना होगा.” उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में आंदोलन को लेकर जो भी कार्यक्रम तय किए जाएंगे, उसमें वह अपना समर्थन जारी रखेंगी.
विपक्षी नेताओं का भी मिल रहा समर्थन
सोनम वांगचुक के आंदोलन और CJP के प्रदर्शन को कई विपक्षी नेताओं का समर्थन मिल रहा है. इससे पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोनम वांगचुक से अनशन खत्म कर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की थी. DMK सांसद कनिमोझी ने भी वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील की और नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग उठाई. वहीं शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया और 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को लेकर विपक्षी दलों से साथ आने की अपील की.
CJP का संसद मार्च का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शिक्षा सुधारों और NEET पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है. संगठन की ओर से 20 जुलाई को संसद मार्च प्रस्तावित किया गया है. प्रिया सरोज के जंतर-मंतर पहुंचने से इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिला है और अब इस मुद्दे पर विपक्षी दलों की सक्रियता बढ़ती नजर आ रही है.
इसे भी पढ़े- धोनी, कोहली और रोहित का 'रीयूनीयन', वायरल वीडियो ने दिलाई पुराने दिनों की याद
