अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह को टेस्ट और वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है. उन्होंने हश्मतुल्लाह शाहिदी की जगह ली है, जिन्होंने 21 जुलाई को कप्तानी छोड़ दी थी. वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को दोनों फॉर्मेट में उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
रहमत शाह अफगानिस्तान के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं. उन्होंने अब तक 12 टेस्ट, 128 वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है. वह 31 मई 2021 से टेस्ट और वनडे टीम में उपकप्तान की भूमिका निभा रहे थे और अब उन्हें टीम की कमान सौंपी गई है.
31 मई 2021 को संभाली थी कमान
हश्मतुल्लाह शाहिदी को 31 मई 2021 को अफगानिस्तान का कप्तान बनाया गया था. उनकी कप्तानी में टीम ने जनवरी 2022 में नीदरलैंड्स के खिलाफ सीरीज जीत के साथ नए दौर की शुरुआत की. शाहिदी ने 55 वनडे मैचों में कप्तानी करते हुए टीम को 27 जीत दिलाई.
उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन किया था. टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड्स जैसी टीमों को हराकर इतिहास रचा था. इसी प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भी क्वालिफाई किया था.
शाहिदी की कप्तानी में 7वें स्थान पर पहुंची थी अफगानिस्तान
हश्मतुल्लाह शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने 2024 और 2025 के बीच लगातार पांच वनडे सीरीज जीतीं. इस दौरान अफगानिस्तान ने आयरलैंड, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश और जिम्बाब्वे जैसी टीमों को हराया. इन सफलताओं में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज जीत सबसे खास रही, क्योंकि यह प्रोटियाज के खिलाफ अफगानिस्तान की पहली बाइलैटरल सीरीज जीत थी. शाहिदी की कप्तानी में टीम ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सातवां स्थान हासिल किया.
गुरबाज बने उपकप्तान
कप्तानी में बदलाव के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को टीम का नया उपकप्तान बनाया है. गुरबाज पिछले कुछ सालों से अफगानिस्तान के अहम खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. अब उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ये भी पढ़ें: '16 साल बाद सच की जीत हुई', IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने भारत लौटने का किया ऐलान
