U20 Athletics Championships: 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 19 मेडल अपने नाम किए. भारतीय टीम की शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा एथलीटों को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी. प्रधानमंत्री ने इस सफलता को युवा एथलीटों के पक्के इरादे और बेहतरीन प्रदर्शन की झलक बताया.
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, “22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 गोल्ड समेत 19 मेडल जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई. यह शानदार प्रदर्शन भारत के युवा एथलीटों के पक्के इरादे और बेहतरीन काम को दिखाता है. उम्मीद है कि ये कामयाबियां आने वाले वर्षों में और भी युवा भारतीयों को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी.”
भारतीय टीम ने आखिरी दिन अपनी गिनती में तीन गोल्ड मेडल जोड़कर अपने अभियान का शानदार अंत किया और कुल मिलाकर 19 मेडल जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया. 10 गोल्ड मेडल के अलावा, भारतीय टीम ने पांच सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल भी जीते. हालांकि, मेडल की संख्या के हिसाब से यह भारत का टूर्नामेंट में अब तक का बेस्ट प्रदर्शन नहीं है. भारत ने साल 2024 में दुबई में आयोजित हुए संस्करण में 7 गोल्ड, 11 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज के साथ कुल 29 मेडल अपने नाम किए थे.
आखिरी दिन इन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के आखिरी दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. मुस्कान ने महिलाओं की 5,000 मीटर दौड़ 16 मिनट 53.08 सेकंड में पूरी की. वहीं, निश्चय ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 60.10 मीटर का थ्रो करके सिल्वर मेडल जीता.
इस दौरान उन्होंने नया नेशनल अंडर-20 रिकॉर्ड भी बनाया. पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में मोगली वेंकटराम रेड्डी ने 1 मिनट 48.27 सेकंड का समय निकालते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इसके अलावा, नीरू पाठक ने भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहते हुए टीम को गोल्ड मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: U-18 एशिया कप में भारत का दमदार प्रदर्शन, कोरिया को 4-1 से रौंदा
