फीफा विश्व कप 2026 में एर्लिंग हालैंड का जलवा लगातार जारी है. नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ दो गोल दागकर अपनी टीम को 2-1 की ऐतिहासिक जीत दिलाई. इस जीत के साथ नॉर्वे पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है.
आज दुनिया एर्लिंग हालैंड को एक गोल मशीन के रूप में जानती है, लेकिन सात साल पहले उन्होंने पहली बार वैश्विक स्तर पर तब सुर्खियां बटोरी थीं, जब फीफा अंडर-20 विश्व कप 2019 में होंडुरास के खिलाफ अकेले नौ गोल दागकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था. पोलैंड के लुब्लिन में खेले गए उस मुकाबले में नॉर्वे ने होंडुरास को 12-0 से हराया था. उस दिन दुनिया ने एक असाधारण प्रतिभा देखी थी, जो अब सीनियर विश्व कप में अपनी छाप छोड़ रही है.
ब्राजील के खिलाफ मुकाबले में हालैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया. उनके दो गोलों ने पांच बार की चैंपियन टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और नॉर्वे को इतिहास रचने का मौका दिया. 28 साल बाद विश्व कप में लौटी नॉर्वे की टीम अब खिताब की दावेदारों में गिनी जा रही है.
गोल्डन बूट की दौड़ में मजबूत दावेदारी
हालैंड इस विश्व कप में अब तक चार मैचों में सात गोल कर चुके हैं. उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत नॉर्वे ने टूर्नामेंट के सभी मुकाबले जीते हैं. सात गोल के साथ वह अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे की बराबरी पर पहुंच गए हैं और गोल्डन बूट की रेस को रोमांचक बना दिया है.
नॉर्वे के लिए बन चुके हैं सबसे बड़े हथियार
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में हालैंड का रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली है. नॉर्वे के लिए 54 मैचों में वह 62 गोल दाग चुके हैं. उनकी मौजूदगी ने टीम को नई पहचान दी है और फुटबॉल जगत अब नॉर्वे को सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि एक मजबूत 'वाइकिंग' ताकत के रूप में देखने लगा है.
पिता के अधूरे सपने को पूरा करना चाहते हैं हॉलैंड
एर्लिंग हालैंड के पिता अल्फी हालैंद भी नॉर्वे की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं और 1994 विश्व कप में खेले थे. बचपन से पिता से विश्व कप की कहानियां सुनते हुए बड़े हुए हॉलैंड के लिए यह टूर्नामेंट बेहद खास है. वह सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि पिता के उस अधूरे सपने को पूरा करने के लिए खेल रहे हैं, जो विश्व कप में बड़ी सफलता हासिल करना चाहते थे. अब नॉर्वे की नजरें क्वार्टर फाइनल पर हैं और हालैंड के शानदार फॉर्म को देखते हुए दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें भी इसी 'वाइकिंग' स्टार पर टिकी हुई हैं.
