CommonWealth Games 2026: टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता और भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने साफ कर दिया है कि उनका पूरा ध्यान कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 नहीं, बल्कि इसी साल सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स 2026 पर है. यही वजह है कि वह ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में अपनी पूरी ताकत नहीं झोंकेंगी और लंबे समय से चर्चित 90 किलोग्राम स्नैच का प्रयास भी नहीं करेंगी.
सबसे बड़ा टारगेट एशियन गेम्स
मीराबाई लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने की दावेदार हैं, लेकिन उनका कहना है कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य एशियन गेम्स में पहला पदक जीतना है. एशियन गेम्स 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान में आयोजित होंगे.
अपना पूरा एफर्ट नहीं लगाऊंगी:मीराबाई
पीटीआई से बातचीत में मीराबाई ने कहा, "मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना पूरा एफर्ट नहीं लगाऊंगी. मेरा फोकस एशियन गेम्स पर है, जो बहुत करीब हैं. मेरी पूरी ट्रेनिंग उसी योजना के अनुसार चल रही है. इसलिए यहां मेरा प्रदर्शन और प्रयास भी उसी प्लान पर निर्भर करेगा."
49 किलोग्राम वर्ग में उतरेंगी
एशियन गेम्स में मीराबाई के सामने चीन, थाईलैंड और उत्तर कोरिया जैसे मजबूत देशों की वेटलिफ्टर्स की चुनौती होगी. इसी कठिन प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी तैयारी और प्रतियोगिता की रणनीति बनाई है. मीराबाई ने यह भी बताया कि एशियन गेम्स के बाद वह 53 किलोग्राम भार वर्ग में शिफ्ट हो जाएंगी. कॉमनवेल्थ गेम्स में वह 48 किलोग्राम और एशियन गेम्स में 49 किलोग्राम वर्ग में उतरेंगी. इसके बाद वह 53 किलोग्राम वर्ग में नई शुरुआत करेंगी.
वेट मैनेजमेंट सबसे मुश्किल काम
उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक 48 या 49 किलोग्राम वजन बनाए रखना आसान नहीं रहा. "वेट मैनेजमेंट सबसे मुश्किल काम होता है. खिलाड़ी की आधी जिंदगी वजन नियंत्रित करने में निकल जाती है. 53 किलो वर्ग में जाने से राहत मिलेगी, लेकिन वहां प्रतिस्पर्धा और भी कठिन होगी. इसलिए मुझे अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाना होगा."
खान-पान को लेकर रहें सतर्क
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के वेटलिफ्टिंग कोटे में कमी और डोपिंग के मामलों पर भी मीराबाई ने अपनी राय रखी. उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें अपने खान-पान को लेकर बेहद सतर्क रहना चाहिए. एक गलत चीज आपकी पूरी जिंदगी और करियर खराब कर सकती है. इसलिए हमेशा सावधान रहें और अपनी मेहनत पर भरोसा रखें.
ये भी पढ़ें: भारत की पुरुष क्रिकेट टीम सीधे खेलेेगी नॉकआउट मैच, महिला टीम जापान से करेगी अभियान की शुरुआत
