ग्लासगो में 'Cheer 4 Bharat' साइक्लिंग रैली, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का जोश बढ़ाने के लिए 'Cheer 4 Bharat' साइक्लिंग रैली का आयोजन किया गया. केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस अभियान में हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली और खिलाड़ियों के समर्थन का संदेश दिया.

Commonwealth Games, Glasgow: 2026 राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) में हिस्सा लेने पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्कॉटलैंड के ग्लासगो में भारतीय प्रवासी समुदाय ने 'Cheer 4 Bharat' अभियान के तहत साइक्लिंग रैली का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी शामिल हुए. उन्होंने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय खिलाड़ियों के समर्थन का संदेश दिया.

स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

मांडविया ने कहा कि 'Cheer 4 Bharat' अभियान का उद्देश्य ग्लासगो में मौजूद भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया 'फिट इंडिया मूवमेंट' आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दे रहा है और भारतीय प्रवासी भी इस अभियान से जुड़े हुए हैं. खेल मंत्री ने साइक्लिंग के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि यह केवल फिट रहने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदूषण कम करने और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का भी प्रभावी समाधान है.

राष्ट्रमंडल खेलों में 19वीं भागीदारी

भारत के लिए यह राष्ट्रमंडल खेलों में 19वीं भागीदारी है. 1934 में पहली बार इन खेलों में हिस्सा लेने वाला भारत इस बार 124 सदस्यीय दल के साथ ग्लासगो पहुंचा है. भारतीय खिलाड़ी आठ सक्षम (Able-bodied) खेलों और पांच पैरा खेलों में पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे.

यहां देखे लाइव टेलीकास्ट

भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव टेलीकास्ट Sony Sports पर किया जाएगा. मोबाइल फोन यूजर्स Sony LIV ऐप के जरिए ऑनलाइन स्ट्रीमिंग भी भारत में देख सकते है.  

ये भी पढ़ें:  हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप का आगाज 24 जुलाई से, 12 टीमों के बीच होगी टक्कर



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >