Messi third World Cup final: डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह पक्की कर ली है. लियोनेल मेसी ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए अपनी टीम को तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचाया है. अब उनका सामना स्पेन से होगा.
इंग्लैंड ने बनाई बढ़त
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. दूसरे हाफ के 55वें मिनट में इंग्लैंड के एंथनी गॉर्डन ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद इंग्लैंड ने बढ़त बचाने की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना ने लगातार दबाव बनाए रखा. 85वें मिनट में एंजो फर्नांडीज ने बराबरी का गोल कर मुकाबला 1-1 कर दिया. इसके बाद इंजरी टाइम में लियोनेल मेसी के शानदार पास पर लाउतारो मार्टिनेज ने विजयी गोल दागकर अर्जेंटीना को 2-1 से जीत दिला दी.
मेसी ने इतिहास में दर्ज कराया अपना नाम
इस जीत के साथ अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने वर्ल्ड फुटबॉल में नया इतिहास रच दिया. 39 वर्षीय मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने अपनी टीम को तीन वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाया है. इससे पहले मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने 2014 और 2022 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी. 2022 में अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम किया था. अब 2026 में टीम एक बार फिर ट्रॉफी जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है.
लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के साथ अर्जेंटीना ने अपने इतिहास में दूसरी बार लगातार दो वर्ल्ड कप फाइनल खेलने का कारनामा किया है. इससे पहले अर्जेंटीना 1986 और 1990 वर्ल्ड कप के फाइनल में लगातार पहुंचा था. उस दौर में टीम की कमान महान खिलाड़ी डिएगो माराडोना के हाथों में थी. अब मेसी ने माराडोना की इस उपलब्धि की बराबरी कर ली है.
इन दिग्गज कप्तानों की सूची में शामिल हुए मेसी
| कप्तान | देश | विश्व कप वर्ष |
| डिएगो माराडोना | अर्जेंटीना | 1986, 1990 |
| कार्ल-हाइंज रुमेनिगे | पश्चिम जर्मनी | 1982, 1986 |
| डुंगा | ब्राजील | 1994, 1998 |
| ह्यूगो लोरिस | फ्रांस | 2018, 2022 |
| लियोनेल मेसी | अर्जेंटीना | 2014, 2022, 2026 |
अब स्पेन से होगी खिताबी जंग
अर्जेंटीना अब फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा, जिसने पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था. फुटबॉल प्रेमियों को अब दो मौजूदा दिग्गज टीमों के बीच वर्ल्ड चैंपियन बनने की जंग देखने को मिलेगी.
इसे भी पढ़े- FIFA World Cup: 96 साल में पहली बार, छह क्लीन शीट के दम पर फाइनल में पहुंचा स्पेन
