क्रुणाल पंड्या की ‘मिस्ट्री बॉल’ पर फिदा हुए सचिन तेंदुलकर, सोशल मीडिया पर किया स्पेशल ट्वीट

Krunal Pandya Perfect ball: आईपीएल 2026 के फाइनल मैच में आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने बेहतरीन गेंदबाजी की. उनके इस शानदार स्पेल की बदौलत मैच में बड़ा उलटफेर देखने को मिला.

Krunal Pandya Perfect ball: आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आरसीबी के क्रुणाल पंड्या के नाम रहा. बड़े मंच पर दबाव में बिखरने के बजाय, इस स्टार ऑलराउंडर ने एक ऐसा स्पेल डाला जिसने मैच का रुख ही बदल दिया. उनकी इस कसी हुई और सुझबुझ गेंदबाजी ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी अपना कायल बना लिया है.

जोस बटलर को ऐसे फंसाया जाल में

बड़े मैचों के खिलाड़ी क्रुणाल पंड्या ने फाइनल में आरसीबी के लिए बेहद किफायती गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 23 रन खर्च किए. मैच का सबसे बड़ा पल तब आया जब उन्होंने खतरनाक जोस बटलर को पवेलियन का रास्ता दिखाया. गुजरात की पारी का 13वां ओवर फेंकने आए क्रुणाल के सामने सेट बल्लेबाज बटलर थे. बटलर ने पहली ही गेंद पर क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन क्रुणाल ने अपनी चालाकी से उन्हें चकमा देकर आरसीबी की मैच में वापसी करा दी.

क्रुणाल की चतुराई और जितेश की फुर्ती

यह पूरी तरह से क्रुणाल की सूझबूझ का विकेट था. बटलर को स्टेप-आउट करता देख क्रुणाल पंड्या ने अपनी लाइन और लेंथ में गजब का बदलाव किया. उन्होंने रफ्तार बढ़ाते हुए गेंद को ऑफ स्टंप से काफी बाहर यॉर्कर लेंथ पर डाला. बटलर पूरी तरह झांसे में आ गए और गेंद को कट करने की उनकी कोशिश नाकाम रही. विकेटकीपर जितेश शर्मा ने पलक झपकते ही स्टंप्स उड़ाने का अपना काम पूरा किया. इस तरह क्रुणाल की माइंड-गेम और जितेश की चीते जैसी फुर्ती ने गुजरात के सबसे बड़े बल्लेबाज को आउट किया.

‘क्रिकेट के भगवान’ भी हुए क्रुणाल के मुरीद

क्रुणाल पंड्या की इस क्रिकेटिंग सूझबूझ और लाजवाब लाइन-लेंथ का जादू मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के सिर चढ़कर बोला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर क्रुणाल की क्लासिक गेंदबाजी की तारीफ करते हुए लिखा, ‘क्रुणाल पंड्या की ओर से क्या लाजवाब गेंद थी. उन्होंने गेंद रिलीज करने के आखिरी सेकंड तक बटलर के पैरों के मूवमेंट को भांपा और फिर उन्हें वापस ड्रेसिंग रूम का रास्ता दिखाने के लिए एक बिल्कुल सटीक गेंद डाली.’

गुजरात टाइटंस का मिडिल ऑर्डर ध्वस्त

जोस बटलर के आउट होते ही गुजरात टाइटंस की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. क्रुणाल के उस विकेट ने गुजरात को ऐसा बैकफुट पर धकेला कि टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर महज 155 रन ही बना सकी. इस मुश्किल परिस्थिति में वॉशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभाले रखा और नाबाद 50 रनों की जुझारू पारी खेली. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से कोई सहयोग नहीं मिला. सुंदर के अलावा टीम का कोई भी दूसरा बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू सका.

यह भी पढ़े- बाल-बाल बचे गुजरात के खिलाड़ी, होटल लौटते समय टीम बस में हुआ शॉर्ट सर्किट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >