Manish Pandey: कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से मात दी. इस जीत के हीरो मनीष पांडे रहे, जिन्होंने मैदान पर एक ऐसा कारनामा किया जो आईपीएल में पूरे 2036 दिन बाद देखने को मिला है. उनके इस अनोखे प्रदर्शन को देखकर क्रिकेट फैंस बेहद रोमांचित हो गए.
मौका मिलते ही छाए पांडे
आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए खेल रहे मनीष पांडे ने आखिरकार अपना जलवा दिखा ही दिया. इस सीजन में कोलकाता की टीम अब तक 13 मैच खेल चुकी है. जिनमें से 5 मैचों में मनीष पांडे को प्लेइंग इलेवन में जगह तो मिली, लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल पा रहा था. आखिरकार 20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में उन्हें पहली बार बल्लेबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाया. वे न सिर्फ केकेआर की शानदार जीत के हीरो बने, बल्कि उन्होंने एक ऐसा अनोखा कारनामा भी कर दिखाया जिसके लिए उन्हें लगभग साढ़े 5 साल का लंबा इंतजार करना पड़ा था.
पहली बार इस सीजन में बल्लेबाजी करने उतरे मनीष पांडे
मैच में कोलकाता को जीत के लिए 148 रनों का छोटा सा लक्ष्य मिला था. लेकिन केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 54 रनों पर ही अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए. ऐसे मौके पर मनीष पांडे क्रीज पर उतरे. उन्होंने न सिर्फ खुद संभलकर बेहतरीन बल्लेबाजी की, बल्कि चौथे विकेट के लिए रोवमन पावेल के साथ मिलकर 64 रनों की एक महत्वपूर्ण साझेदारी भी की. इस मजबूत जोड़ी को आखिरकार मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा. लेकिन तब तक पांडे जी केकेआर को जीत की दहलीज पर ला चुके थे.
बुमराह को मिला स्पेशल मौका
जसप्रीत बुमराह ने मनीष पांडे को शानदार तरीके से क्लीन बोल्ड किया. आईपीएल 2026 में 13 मैचों के बाद बुमराह का यह इस सीजन का ऐसा पहला विकेट है, जिसमें उन्होंने किसी बल्लेबाज को बोल्ड किया हो. उन्होंने इस सीजन में अब तक सिर्फ 4 विकेट ही चटकाए है. लेकिन इस विकेट की सबसे खास और बड़ी बात है. दरअसल, टी20 क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब जसप्रीत बुमराह ने मनीष पांडे का विकेट लिया है.
आखिरी बार 6 साल पहले हुआ था
मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 मई को खेले गए इस मुकाबले में मनीष पांडे ने 33 गेंदों में 45 रनों की बेहद सूझबूझ भरी पारी खेली, जिसमें 6 शानदार चौके शामिल थे. बेहतरीन बल्लेबाजी के साथ-साथ उन्होंने मैदान पर एक शानदार कैच भी पकड़ा. उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. इसी के साथ मनीष पांडे का पूरे 6 साल का एक लंबा इंतजार खत्म हुआ. वहीं, मनीष पांडे को आईपीएल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड पूरे 2036 दिन बाद मिला है.
