Hardik Pandya IPL 2027 Trade: IPL 2027 से पहले ट्रेड विंडो खुलने के साथ ही कई बड़े खिलाड़ियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बड़ा ऑफर देने को तैयार है. हालांकि, इस संभावित ट्रेड को लेकर अभी तक किसी भी फ्रेंचाइजी या खिलाड़ी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. चर्चाओं के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स हार्दिक पांड्या के बदले मुंबई इंडियंस को शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और 10 करोड़ रुपये कैश देने का प्रस्ताव रख सकती है. अगर यह डील होती है तो यह IPL इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड डील में से एक बन सकती है. हालांकि, पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस संभावित सौदे पर सवाल खड़े किए हैं.
मुंबई इंडियंस को बल्लेबाज नहीं, गेंदबाज की जरूरत
आकाश ने कहा कि
अगर मुंबई इंडियंस हार्दिक के बदले शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे दो बल्लेबाज हासिल करती है, तो टीम के पास पहले से मौजूद मिडिल ऑर्डर विकल्प बढ़ जाएंगे, लेकिन गेंदबाजी में संतुलन की समस्या बनी रह सकती है. उन्होंने कहा, "मुंबई को एक गेंदबाज की जरूरत है. अगर आप हार्दिक को जाने देते हैं तो बदले में ऐसा खिलाड़ी भी मांगना चाहिए जो गेंदबाजी विभाग को मजबूत कर सके. सिर्फ बल्लेबाजों से टीम का संतुलन नहीं बनेगा."
CSK के लिए भी आसान नहीं होगी यह डील
आकाश चोपड़ा ने इस संभावित ट्रेड को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी पूरी तरह फायदे का सौदा नहीं बताया.
उन्होंने कहा,
"हार्दिक पांड्या के आने से चेन्नई की ऑलराउंडर वाली कमी पूरी हो सकती है, लेकिन अगर आप शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस को छोड़ देते हैं तो मिडिल ऑर्डर में बड़ा खालीपन पैदा हो सकता है. फिर टीम उस जगह को कैसे भरेगी, यह बड़ा सवाल होगा."
दोनों फ्रेंचाइजियों को तलाश है बेहतर कॉम्बिनेशन की
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों ही टीमें अगले IPL सीजन के लिए मजबूत संयोजन तैयार करने की कोशिश में हैं. मुंबई इंडियंस 2020 के बाद से IPL ट्रॉफी नहीं जीत पाई है और पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने 2023 में खिताब जीतने के बाद लगातार संघर्ष किया है. टीम युवा खिलाड़ियों और अनुभवी क्रिकेटरों के बीच बेहतर संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है.
इसे भी पढ़े- जीत के करीब पहुंचकर हारा पाकिस्तान, वेस्टइंडीज की घातक गेंदबाजी ने पलट दिया पूरा मैच
