खिलाड़ियों के मीडिया में बयान देने के विवाद पर भारतीय ओलंपिक संघ ने तोड़ी चुप्पी, जानिए क्या कहा

IOA Media Guidelines: कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले मीडिया एडवाइजरी पर विवाद. IOA ने दी सफाई, कहा- खिलाड़ियों की आवाज़ दबाने का इरादा नहीं था.

IOA Media Guidelines: भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले जारी मीडिया एडवाइजरी को लेकर उठे विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है. IOA सूत्रों का कहना है कि एडवाइजरी का उद्देश्य खिलाड़ियों को मीडिया और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल के बारे में मार्गदर्शन देना था, न कि उनकी आवाज़ को दबाना.

एडवाइजरी में क्या कहा गया था?

मीडिया से बात करते समय विनम्र, सम्मानजनक और प्रोफेशनल रहने की सलाह दी गई है. इसमें कहा गया है कि खिलाड़ी अपनी परफॉर्मेंस, टीम, कॉमनवेल्थ गेम्स के अनुभव और अन्य संबंधित विषयों पर बात कर सकते हैं. दस्तावेज में यह भी लिखा है कि अगर कोई खिलाड़ी किसी सवाल का जवाब देने में सहज महसूस नहीं करता है, तो वह सम्मानपूर्वक टिप्पणी करने से मना कर सकता है. IOA अधिकारी ने कहा, "मीडिया से बातचीत के दौरान खिलाड़ियों को अपनी परफॉर्मेंस, टीम, भारत सरकार, IOA और कॉमनवेल्थ गेम्स के अनुभव के बारे में बात करने के लिए कहा गया है. इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें किसी एक संस्था की तारीफ करने का निर्देश दिया गया है."

सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर दिए गए थे नियम

मीडिया गाइडलाइन में खिलाड़ियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर भी कुछ नियम बताए गए हैं. खिलाड़ियों को कॉमनवेल्थ गेम्स से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करने की अनुमति दी गई है, लेकिन यह तय नियमों के अनुसार होना चाहिए. खिलाड़ी प्रतियोगिता स्थलों, ट्रेनिंग एरिया, होटल और अन्य निर्धारित जगहों से कंटेंट शेयर कर सकते हैं. हालांकि, उन्हें गेम्स से जुड़ी गोपनीय जानकारी, कॉमर्शियल अधिकारों और ब्रॉडकास्ट नियमों का ध्यान रखना होगा.

पर्सनल स्पॉन्सर और ब्रांड प्रमोशन पर रोक

IOA सूत्रों ने बताया कि गाइडलाइन का एक बड़ा हिस्सा कॉमनवेल्थ गेम्स के कमर्शियल और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा है. इसके तहत खिलाड़ियों को निजी स्पॉन्सर, कमर्शियल ब्रांड, एनजीओ या किसी अन्य थर्ड पार्टी के प्रमोशन को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है.

मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन होंगी उद्घाटन समारोह की ध्वजवाहक

कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन 23 जुलाई से स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने जा रहा है. इस बार भारत का 126 खिलाड़ियों का दल 10 खेलों में हिस्सा लेगा. भारतीय खिलाड़ी कुल 113 मेडल इवेंट्स में चुनौती पेश करेंगे. ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन को उद्घाटन समारोह में भारत का ध्वज और बैटन संभालने की जिम्मेदारी दी गई है. IOA ने दोहराया है कि मीडिया एडवाइजरी खिलाड़ियों की आवाज को नियंत्रित करने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और सुरक्षित तरीके से मीडिया व सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जारी की गई थी.

इसे भी पढ़े- सिर्फ 2-3 मैचों से तय नहीं होता टैलेंट, वैभव को लेकर बोले जिम्बाब्वे कप्तान सिकंदर रजा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >