Men's Junior Hockey Asia cup: भारत ने छठी बार जीता खिताब, PM मोदी ने कहा- 'यह उपलब्धि हमारे युवा खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा को दर्शाती है'

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने मेन्स जूनियर एशिया कप 2024 का खिताब जीत लिया है. फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर भारत छठी बार चैंपियन बना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई दी है.

Men's Junior Hockey Asia cup: भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को चीन के मोकी में खेले गए Men’s Junior Asia Cup के फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार एशिया कप ट्रॉफी पर कब्जा किया और टूर्नामेंट के इतिहास में छठी बार चैंपियन बना. टीम इंडिया की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी और इसे युवा प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन बताया.

फाइनल में भारत का दबदबा

गोल्ड मेडल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया. भारत को पहले क्वार्टर में लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले. 9वें मिनट में अजीत यादव ने डिफ्लेक्शन के जरिए गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके कुछ ही मिनट बाद कप्तान अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया. 13वें मिनट में मिले इस गोल के बाद भारत की बढ़त 2-0 हो गई. पहले क्वार्टर के अंत तक भारतीय डिफेंस ने कोरिया को कोई मौका नहीं दिया और टीम 2-0 से आगे रही.

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा. 21वें मिनट में प्रभदीप सिंह ने शानदार फिनिश के साथ भारत का तीसरा गोल कर दिया. इसके बाद कोरिया ने वापसी की कोशिश की. लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से खेलते हुए विरोधी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया. हाफ टाइम तक भारत 3-0 से आगे था.

ये भी पढ़ें: IND vs AFG 1st T20: भारत ने महज 13.4 ओवर में चेज किया 157 रन का टारगेट, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त

आखिरी क्वार्टर में आया चौथा गोल

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. भारत को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला. लेकिन गेंद क्रॉसबार से टकरा गई. कोरिया ने इस दौरान भारतीय हमलों को रोकने में कामयाबी हासिल की और तीसरे क्वार्टर में कोई और गोल नहीं हुआ. चौथे क्वार्टर में भारत ने फिर से आक्रामक शुरुआत की. रेफरल के बाद भारत को दोबारा पेनल्टी कॉर्नर मिला. इस मौके का टीम ने पूरा फायदा उठाया. 50वें मिनट में आशु मौर्या ने गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी.

कोरिया को 54वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला. कप्तान ली मिनह्योक ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया. इसके बाद कोरिया ने एक और गोल की कोशिश की. उसे आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर भी मिला. हालांकि भारतीय डिफेंस ने खतरे को टाल दिया और टीम ने 4-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

PM मोदी ने दी टीम को बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम की जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि फाइनल में 4-1 की शानदार जीत के साथ एशिया कप जीतना बेहद उल्लेखनीय उपलब्धि है. पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत भारतीय युवा खिलाड़ियों की अपार प्रतिभा को दर्शाती है. उन्होंने पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

छठी बार चैंपियन बना भारत

इस जीत के साथ भारत ने मेन्स जूनियर एशिया कप का खिताब छठी बार जीता. इससे पहले भारतीय टीम 2004, 2008, 2015, 2023 और 2024 में चैंपियन बनी थी. भारत ने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव भी किया. भारत की इस जीत के साथ टीम ने FIH Men’s Junior World Cup के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है. मोकी में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में दमदार जीत के साथ अपने अभियान का अंत किया

ये भी पढ़ें: AHF Junior Women's Asia Cup: चीन को 1-0 से हराकर भारत बना चैंपियन, PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार युवा पत्रकार हैं, जिन्हें खेल और खासकर क्रिकेट की दुनिया को करीब से समझने और उसकी अनकही कहानियों को पाठकों तक पहुंचाने का जुनून है. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में काम किया है.

वर्तमान में वह स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के लेखन, संपादन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी संभालते हैं. क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि आंकड़ों, रोमांच, संघर्ष और भावनाओं से जुड़ी कहानियों की दुनिया है. खिलाड़ियों के प्रदर्शन से लेकर मैदान के पीछे की दिलचस्प घटनाओं तक, वह हर कहानी को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में पेश करने की कोशिश करते हैं.

उनका मानना है कि एक अच्छी स्पोर्ट्स स्टोरी सिर्फ खबर नहीं बताती, बल्कि पाठक को उस पल का हिस्सा महसूस कराती है. यही सोच उनके लेखन की पहचान है और यही वजह है कि उनके आर्टिकल्स में खबर के साथ कहानी, संदर्भ और क्रिकेट का जुनून भी नजर आता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >