India vs Pakistan Women: महिला एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया. दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई. जवाब में भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
55 रन पर पाकिस्तान टीम ऑलआउट
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम का इरादा बड़ा स्कोर खड़ा कर भारत पर दबाव बनाने का था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई.
सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली को शुरुआत में कुछ जीवनदान जरूर मिले, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सकीं. शेफाली वर्मा ने उन्हें 13 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद पाकिस्तान के विकेट लगातार गिरते चले गए.
पावरप्ले के आखिरी ओवर में श्री चरणी ने दो विकेट लेकर पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं. आयशा जफर भी सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद प्रेमा रावत और दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के निचले क्रम को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा ने भी पाकिस्तान की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई. पाकिस्तान की पूरी टीम 55 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत के सामने सिर्फ 56 रन का लक्ष्य रखा.
भारत की भी शुरुआत रही खराब
56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को भी शुरुआत में झटके लगे. शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत करते हुए 12 रन बनाए, लेकिन फातिमा सना ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद प्रतिका रावल 4 रन बनाकर आउट हो गईं. फातिमा सना ने ही उनका विकेट हासिल किया. भारत को तीसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा. मंधाना 9 रन बनाकर फातिमा सना की गेंद पर आउट हुईं. एक समय भारत का स्कोर 34 रन पर 3 विकेट हो गया था, लेकिन इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने पारी को संभाल लिया.
हरमनप्रीत कौर ने चौका-छक्का जड़कर खत्म किया मैच
पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर 34/3 था. इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने बिना कोई और विकेट गंवाए टीम को जीत के करीब पहुंचाया. 8 ओवर के बाद भारत का स्कोर 45/3 था और जीत के लिए सिर्फ 11 रन बाकी थे. इसके बाद 8.4 ओवर में नशरा संधू की गेंद पर हरमनप्रीत कौर ने शानदार अंदाज में मैच खत्म किया. उन्होंने पहले छक्का और फिर चौका जड़कर भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी.
ये भी पढ़ें: Imran Khan: इमरान खान के समर्थन में आए ब्रायन लारा, बोले- ‘यह राजनीति नहीं, इंसानियत का सवाल’
हरमनप्रीत कौर ने बनाया बड़ा कप्तानी रिकॉर्ड
इस मुकाबले में मैदान पर उतरते ही हरमनप्रीत कौर ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. वह 150 टी20 इंटरनेशनल मैचों में किसी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले हरमनप्रीत ने 149 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की थी. इस मैच के साथ उन्होंने कप्तानी के 150 टी20 इंटरनेशनल मैच पूरे कर लिए.
एशिया कप में भारत की लगातार तीसरी जीत
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने महिला एशिया कप 2026 में अपना शानदार अभियान जारी रखा. भारत ने टूर्नामेंट में इससे पहले थाईलैंड और हांगकांग को हराया था और पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी. अब पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट की जीत ने टीम इंडिया के आत्मविश्वास को और बढ़ा दिया है. वहीं पाकिस्तान के लिए यह हार सेमीफाइनल की राह में बड़ा झटका है.
भारत की पाकिस्तान पर शानदार जीत
इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पहले पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर समेटा और फिर बल्लेबाजों ने 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला. इस तरह भारत ने महिला एशिया कप 2026 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया. भारत की जीत में श्री चरणी ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. उनकी कसी हुई गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाज टिक नहीं सकीं और पूरी टीम 55 रन पर सिमट गई. इसी शानदार प्रदर्शन के लिए श्री चरणी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
ये भी पढ़ें: Harmanpreet Kaur: हरमनप्रीत ने रचा इतिहास, 150 T20I में कप्तानी करने वाली पहली क्रिकेटर बनीं कौर
