भारतीय हॉकी टीम प्रबंधन ने अगले महीने होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. पेरिस ओलंपिक में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाले कप्तान हरमनप्रीत सिंह एक बार फिर टीम की अगुवाई करेंगे, जबकि अनुभवी मनप्रीत सिंह मिडफील्ड में अहम भूमिका निभाएंगे.
विश्व कप के लिए चुनी गई टीम में प्रो लीग के यूरोप चरण में शामिल कुछ खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है. प्रो लीग के लिए 24 सदस्यीय टीम चुनी गई थी, लेकिन वर्ल्ड कप में केवल 20 खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता था. इस कारण डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा, मिडफील्डर राजकुमार पाल और रविचंद्र सिंह मोइरांगथाम तथा फॉरवर्ड सेल्वम कार्ति को टीम में जगह नहीं मिली.
हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक
भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था. प्रो लीग के यूरोप चरण के बाद भारत चार जीत, पांच ड्रॉ और सात हार के साथ नौ टीमों में पाकिस्तान से ऊपर आठवें स्थान पर रहा. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट को विश्वास है कि अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलन में बेहतर प्रदर्शन करेगा.
भारत 1975 में जीता था हॉकी वर्ल्ड कप
भारत का वर्ल्ड कप इतिहास गौरवशाली होने के बावजूद खिताबों के मामले में सीमित रहा है. आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारतीय टीम अब तक केवल एक बार 1975 में हॉकी वर्ल्ड कप जीत सकी है. पिछली बार 2023 में भुवनेश्वर में आयोजित वर्ल्ड कप में मेजबान भारत नौवें स्थान पर रहा था. इसके अलावा भारत ने 1971 में कांस्य और 1973 में रजत पदक अपने नाम किया था.
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने क्या कहा?
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने टीम चयन को लेकर कहा कि यह संतुलित टीम है, जिसमें युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और टीम हमले, जवाबी हमले तथा निरंतर प्रदर्शन की रणनीति के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी. फुल्टन ने कहा कि 1975 के बाद से भारत विश्व कप खिताब नहीं जीत पाया है, लेकिन मौजूदा टीम भारतीय हॉकी के इतिहास में नया अध्याय लिखने की क्षमता रखती है.
पाकिस्तान से होगा भारत का मुकाबला
भारत को विश्व कप में पूल डी में रखा गया है, जहां उसका सामना इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स से होगा. भारतीय टीम अपने सभी पूल मुकाबले नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेलेगी. भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा. इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा.
ये भी पढ़ें: दिलीप ट्रॉफी 2026: रुतुराज गायकवाड़ बने वेस्ट जोन के कप्तान, स्टार खिलाड़ियों से सजी टीम घोषित
