Ind vs Afg: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है. अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सोमवार को पुष्टि की कि सीरीज के मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे. ACB ने बताया कि इन तारीखों और वेन्यू पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सहमति मिल चुकी है.
ACB ने भेजी आधिकारिक जानकारी
ACB के सीईओ नसीब खान ने बोर्ड के कमर्शियल पार्टनर्स को भेजे पत्र में कहा कि भारत का अफगानिस्तान दौरा 13 से 17 सितंबर तक होगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुकाबलों की तारीखों और आयोजन स्थल को BCCI के साथ मिलकर अंतिम रूप दिया गया है. हालांकि, इस सीरीज का आधिकारिक सार्वजनिक ऐलान अभी संबंधित बोर्डों की ओर से नहीं किया गया है. ACB ने मीडिया राइट्स होल्डर्स को शेड्यूल के आधार पर प्रसारण, प्रचार और अन्य तैयारियां शुरू करने के लिए कहा है.
बांग्लादेश दौरे की संभावना लगभग खत्म
अफगानिस्तान सीरीज की तारीखों की पुष्टि के बाद भारत के प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे की संभावना लगभग खत्म होती नजर आ रही है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 1 से 13 सितंबर के बीच भारत के खिलाफ छह सफेद गेंद मुकाबले कराने का प्रस्ताव रखा था. ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज की तारीखों के साथ इसका टकराव हो रहा है.
Also Read: कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत ने दूसरे दिन जीते 7 मेडल, तानिष्का ने दिलाया गोल्ड
प्रसारण अधिकारों पर भी बातचीत
इस बीच ACB ने सीरीज के एक मुकाबले को 14 सितंबर को कराने का प्रस्ताव भी BCCI के सामने रखा है. मीडिया राइट्स को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं. ITW Universe तीनों मैचों के लीनियर प्रसारण अधिकारों के लिए JioStar, Sony Sports और Zee Unite8 से बातचीत कर रहा है, जबकि FanCode के पास डिजिटल राइट्स हैं. यह सीरीज अफगानिस्तान के लिए खास होगी, क्योंकि वह पहली बार भारत की मेजबानी में उसके खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलेगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला क्रिकेट संबंधों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
