IND vs AFG 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले पहले टी20 मुकाबले को लेकर गुरुवार को संशय की स्थिति बन गई. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए मैच को किसी दूसरी तारीख पर कराने का अनुरोध किया था. हालांकि, अब दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने साफ कर दिया है कि मैच को स्थगित नहीं किया जा रहा है. भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार 13 सितंबर को ही खेला जाएगा.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने उठाई आपत्ति
दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS Leaders' Summit का आयोजन होना है. इससे पहले 11 से 13 सितंबर के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के कारण कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा.
इसी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान टी20 मुकाबला भी होना है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर मैच की तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मैच के दौरान दर्शकों की आवाजाही से पैदा होने वाली अतिरिक्त चुनौती को भी ध्यान में रखा.
DDCA ने क्या कहा?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आपत्ति के बाद मैच को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि, DDCA और पुलिस के बीच हुई बातचीत के बाद स्थिति साफ हो गई है.
DDCA ने स्पष्ट किया है कि मैच को स्थगित नहीं किया जा रहा है. पुलिस की ओर से जरूरी सहयोग और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का भरोसा मिलने के बाद मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार कराने का फैसला किया गया है. यानी भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 13 सितंबर को ही खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
13 सितंबर को ही होगा पहला मुकाबला
BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पहले ही पुष्टि कर चुके हैं कि दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 से 17 सितंबर तक दिल्ली में खेली जाएगी. पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा 17 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होगा. फिलहाल पहले टी20 मुकाबले के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है. ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस को 13 सितंबर को ही भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला मुकाबला देखने को मिलेगा.
भारतीय टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सेमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरूण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर
अफगानिस्तान टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, नूर रहमान, सेदिकुल्लाह अटल, दरवेश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नेब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांगयाल खरोटी, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, अब्दुल्लाह अहमदजई और नवीन उल हक.
रिजर्व खिलाड़ी: इजाज अहमदजई, शाहिदुल्लाह कमाल ओर फरीद अहमद मलिक.
ये भी पढ़ें: Tilak Verma: तिलक वर्मा को कौन सा फॉर्मेट है सबसे ज्यादा पसंद? जवाब सुनकर चौंक जाएंगे
