IND A vs NZ A: न्यूजीलैंड दौरे पर 3 मुकाबले खेलेगी टीम इंडिया, YouTube पर होगी फ्री लाइव स्ट्रीमिंग

भारत की इंडिया A टीम अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करेगी, जहां वह न्यूज़ीलैंड A के खिलाफ तीन चार-दिवसीय रेड-बॉल मैच खेलेगी. यह सीरीज भारतीय खिलाड़ियों के लिए अहम तैयारी का मौका होगी. अच्छी बात यह है कि सभी मैच दर्शकों के लिए फ्री रहेंगे और लाइव स्ट्रीमिंग भी उपलब्ध होगी.

India A vs New Zealand A: न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी मीडिया रिलीज के मुताबिक, इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच तीनों मुकाबले क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे. पहला चार दिवसीय मैच 24 से 27 अक्टूबर, दूसरा 31 अक्टूबर से 3 नवंबर और तीसरा मुकाबला 7 से 10 नवंबर तक होगा. मैचों की मेजबानी बर्ट सटक्लिफ ओवल और हैगली ओवल करेंगे.

फ्री होगी मैचों की एंट्री

इन तीनों मुकाबलों के लिए दर्शकों को कोई टिकट शुल्क नहीं देना होगा. मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग न्यूजीलैंड क्रिकेट के YouTube चैनल पर उपलब्ध होगी, जबकि लाइव स्कोर NZC की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा. यह सीरीज भारत के न्यूजीलैंड दौरे के साथ ही आयोजित होगी. भारतीय सीनियर टीम को इस दौरे पर पांच T20I और पांच ODI मैच खेलने हैं. व्हाइट-बॉल सीरीज 22 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलेगी.

रणजी ट्रॉफी से टकराएगी इंडिया A सीरीज

इंडिया A का न्यूजीलैंड दौरा भारतीय घरेलू क्रिकेट के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा. इस दौरान देश में रणजी ट्रॉफी का नया सीजन चल रहा होगा, जिसकी शुरुआत 11 अक्टूबर से होनी है. ऐसे में न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुने जाने वाले भारतीय खिलाड़ी अपनी घरेलू टीमों के लिए रणजी ट्रॉफी मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे. दूसरी ओर, न्यूजीलैंड A के खिलाड़ी भी अपने घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगे. 28 अक्टूबर से 12 नवंबर तक फोर्ड ट्रॉफी खेली जानी है, जबकि प्लंकेट शील्ड फर्स्ट-क्लास प्रतियोगिता 19 नवंबर से शुरू होगी.

ये भी पढ़ें: ZIM vs SA T20 Match: ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंची साउथ अफ्रीका की टीम, जिम्बाब्वे को 43 रन से हराया

टेस्ट सीरीज से पहले अहम तैयारी

इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच होने वाली चार दिवसीय सीरीज का सबसे बड़ा फायदा रेड-बॉल क्रिकेट में टीम की गहराई परखने का होगा. भारत के युवा और सीनियर टीम में जगह बनाने की कोशिश कर रहे खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में लंबे प्रारूप का अनुभव मिलेगा. न्यूजीलैंड के घरेलू खिलाड़ियों के लिए भी यह सीरीज खुद को साबित करने का अच्छा मौका होगी. इन मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर दोनों देशों की सीनियर टेस्ट टीमों के लिए भविष्य के विकल्प तलाशने में मदद मिल सकती है.

19 नवंबर से शुरू होगी भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज

इंडिया A की सीरीज खत्म होने के बाद भारत और न्यूज़ीलैंड की सीनियर टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होगा.

यह सीरीज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र के लिहाज से दोनों टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. मौजूदा स्थिति में न्यूज़ीलैंड तीसरे और भारत पांचवें स्थान पर है. ऐसे में दोनों टेस्ट मैचों के नतीजे WTC की अंक तालिका पर असर डाल सकते हैं.

ये भी पढ़ें: Krunal Pandya: अफगानिस्तान सीरीज में शामिल नहीं होने के बाद छलका क्रुणाल पांड्या का दर्द, इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की अपनी फीलिंग्स

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >