IND vs SL Day 4 Match Report: सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच जारी दूसरे टेस्ट का रोमांच चरम पर पहुंच गया है. टीम इंडिया ने मेजबान श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए मजबूर करने के बाद उसकी दूसरी पारी में भी 6 विकेट झटक लिए हैं. चौथे दिन बारिश ने भारत की जीत का इंतजार जरूर बढ़ा दिया, लेकिन मुकाबले पर पकड़ पूरी तरह भारतीय टीम की है.
दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 6 विकेट पर 229 रन बनाए हैं और उसके पास भारत के खिलाफ सिर्फ 16 रन की बढ़त है. अब आखिरी दिन भारत को जीत के लिए सिर्फ श्रीलंका के बाकी चार विकेट हासिल करने हैं. यानी मुकाबला उस मोड़ पर खड़ा है, जहां एक मजबूत गेंदबाजी स्पेल भारत को जीत की दहलीज पर पहुंचा सकता है.
फॉलोऑन के बाद श्रीलंका ने किया पलटवार
चौथे दिन की शुरुआत भारत के लिए बेहद शानदार रही. पहली पारी में 213 रन की बढ़त हासिल करने के बाद भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन दिया. श्रीलंका को दूसरी पारी में सिर्फ 5 रन पर पहला झटका लग गया, जब मोहम्मद सिराज की शॉर्ट गेंद पर लाहिरू उडारा आउट हो गए. इसके बाद कामिल मिशारा और पसिंदु सूर्यबंदारा ने पारी को संभाला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े. रविंद्र जडेजा ने 63 के स्कोर पर मिशारा को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई. लंच तक श्रीलंका 83/2 पर था.
ये भी पढ़ें: IND vs SL: 'बुखार करवा के ही जाना...' बारिश में भीगते पंत ने फैन की बोलती कर दी बंद, VIDEO वायरल
पसिंदु और मेंडिस ने भारत को खूब छकाया
दूसरे सत्र में श्रीलंका ने मुकाबले में जबरदस्त वापसी की. पसिंदु सूरियाबांदारा और कमिंदु मेंडिस ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ खुलकर बल्लेबाजी की और तेजी से रन बनाए. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की. पसिंदु ने अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि मेंडिस ने भी शानदार फिफ्टी जड़ी. एक समय श्रीलंका सिर्फ 35 रन पीछे था और ऐसा लगने लगा था कि मेजबान टीम भारत के सामने मुश्किल लक्ष्य खड़ा कर सकती है.
फिर गिल ने पकड़ा शानदार कैच
भारत को जिस विकेट की तलाश थी, वह प्रसिद्ध कृष्णा ने दिलाया और उसे कप्तान शुभमन गिल ने यादगार बना दिया. कृष्णा की शॉर्ट गेंद पर कमिंदु मेंडिस ने पुल शॉट खेला, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई। गिल ने पीछे की ओर दौड़ लगाई और आखिरी क्षण में शानदार कैच पकड़ लिया. मेंडिस 55 रन बनाकर आउट हुए और 115 रन की साझेदारी टूट गई। यह चौथे दिन का भारत के लिए सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट रहा.
ये भी पढ़ें: मेंडिस की शामत बन गए शुभमन गिल, हवा में उड़कर लपका हैरतअंगेज कैच; VIDEO वायरल
92 रन बनाकर शतक से चूके पसिंदु
कमिंदु के आउट होने के बाद भी पसिंदु सूर्याबंदारा डटे रहे. वह शानदार लय में थे और शतक की ओर बढ़ रहे थे. लेकिन मानव सुथार ने उनकी पारी का अंत कर दिया. 92 रन बनाकर पसिंदु सूर्याबंदारा आउट हो गए. वो शतक से सिर्फ आठ रन दूर रह गए. पसिंदु के आउट होने के बाद भारत ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंका के दो और विकेट निकाल लिए। मानव सुथार ने दूसरी पारी में अब तक दो विकेट लिए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रविंद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली है।
बारिश के कारण जल्दी हुआ दिन का खेल खत्म
भारत जल्दी से श्रीलंका को ऑलआउट करने के कोशिश में था, लेकिन बारिश ने उसकी रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. खेल रुकने के बाद दोबारा शुरू नहीं हो सका और दिन का खेल समाप्त कर दिया गया. स्टंप्स के समय श्रीलंका 229/6 पर था और भारत से सिर्फ 16 रन आगे था.
ये भी पढ़ें: ICC Test Ranking: बुमराह से छिनी नंबर-1 की कुर्सी, स्टार्क ने मारी बाजी; पंत की लंबी छलांग
