ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बाद खिलाड़ियों के लापता होने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है. पहले पाकिस्तान के एक मुक्केबाज के गायब होने की खबर सामने आई थी, वहीं अब यूगांडा के चार बॉक्सर भी लापता बताए जा रहे हैं. स्कॉटलैंड पुलिस ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है.
पाकिस्तान के बाद यूगांडा के चार मुक्केबाज भी लापता
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के खत्म होने के बाद पांच मुक्केबाजों के लापता होने की खबर सामने आई है. इनमें पाकिस्तान के एक और यूगांडा के चार मुक्केबाज शामिल हैं. NBS और पाकिस्तान टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यूगांडा के चारों खिलाड़ी मंगलवार को अपनी टीम के साथ स्वदेश लौटने वाली फ्लाइट में शामिल नहीं हुए.
ये भी पढ़ें: ग्लासगो में पाकिस्तान का हुआ थू-थू, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से गायब हुआ पाक बॉक्सर
लापता खिलाड़ियों में इब्राहिम केमिस, नुहू बट्टे, एमिली नकालेमा और एंजेल काटुशाबे शामिल हैं. इनमें दो पुरुष और दो महिला मुक्केबाज हैं. इससे पहले पाकिस्तान के मुक्केबाज कुदरातुल्लाह के अपने होटल के कमरे से लापता होने की खबर सामने आई थी. इसके बाद यूगांडा के चार खिलाड़ियों के गायब होने से कुल लापता मुक्केबाजों की संख्या पांच हो गई है.
स्कॉटलैंड पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी स्कॉटलैंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. स्कॉटलैंड पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, "हमें कुछ एथलीट्स के लापता होने की रिपोर्ट मिली है. इन मामलों की जांच की जा रही है और इस संबंध में होम ऑफिस के साथ भी संपर्क में हैं."
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों के बाद खिलाड़ियों के गायब होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं.
- 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद दो मुक्केबाज अपने होटल से गायब हो गए थे.
- 2022 में ही श्रीलंका के एक पहलवान, एक जूडो खिलाड़ी और एक जूडो कोच भी लापता हो गए थे.
- 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद 50 से अधिक एथलीट खेल खत्म होने के बाद भी ऑस्ट्रेलिया में गैरकानूनी रूप से रुक गए थे.
- 2014 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद भी करीब एक दर्जन एथलीट्स के लापता होने की खबरें सामने आई थी.
- वहीं, 2024 वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर के दौरान पाकिस्तान के मुक्केबाज जोहैब रशीद भी इटली से लापता हो गए थे.
पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन भी बेहद खराब रहा. टीम सिर्फ एक कांस्य पदक जीत सकी, जो पिछले 36 वर्षों में राष्ट्रमंडल खेलों में उसका सबसे खराब प्रदर्शन माना जा रहा है. ऐसे में एक मुक्केबाज के लापता होने की घटना ने पाकिस्तान की खेल व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: किस खेल ने बढ़ाया भारत का मान, कौन रहा फिसड्डी? देखें पूरा रिपोर्ट कार्ड
