आलोचकों को गौतम गंभीर का करारा जवाब, बोले- मेरा काम लाइक्स-व्यूज नहीं, भारत के लिए ट्रॉफी जीतना है

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारत के लिए ट्रॉफियां जीतना है, न कि सोशल मीडिया पर लाइक्स बटोरना. टीम इंडिया की मौजूदा स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर गंभीर के विचार जानें.

Gautam Gambhir Statement: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने आलोचकों को साफ शब्दों में जवाब दिया है. टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच गंभीर ने कहा कि उनका काम सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज हासिल करना नहीं, बल्कि भारत के लिए ट्रॉफियां जीतना है.

Gautam Gambhir: 'मेरा काम ट्रॉफियां जीतना है, लाइक्स और व्यूज नहीं'

गौतम गंभीर से जब टीम और खुद को लेकर हो रही आलोचना के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपने अंदाज में इसका जवाब दिया. गंभीर ने साफ कहा कि उनका पूरा ध्यान भारत के लिए ट्रॉफियां जीतने पर है. उन्होंने कहा कि यही उनका काम है और उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि सोशल मीडिया पर कितने व्यूज या लाइक्स मिल रहे हैं. उनके इस बयान को टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर हो रही आलोचनाओं के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.

Gautam Gambhir:'भारत टेस्ट क्रिकेट में संघर्ष नहीं कर रहा'

भारत फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. टीम ने मौजूदा चक्र में 10 टेस्ट मैचों में से 5 में जीत हासिल की है. इसके बावजूद गंभीर ने टीम की स्थिति को खराब मानने से इनकार किया.

उन्होंने कहा कि रैंकिंग उनके लिए ज्यादा मायने नहीं रखती. गंभीर के मुताबिक, टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव होना स्वाभाविक है.इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम ने लगातार अच्छा टेस्ट क्रिकेट खेला है और वह इसे टीम के संघर्ष के तौर पर नहीं देखते.

Gautam Gambhir: रोहित-कोहली के संन्यास के बाद बदलाव का दौर

गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टेस्ट टीम में काफी बदलाव आया है. रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. इसके बाद टीम को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा, जबकि ऑस्ट्रेलिया दौरा भी भारत के लिए मुश्किल रहा. हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में खेली गई टेस्ट सीरीज भारत ने 2-2 से ड्रॉ कराई थी. इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने 165 रन से जीत दर्ज की.

Gautam Gambhir: WTC रैंकिंग पर गंभीर का फोकस नहीं

गौतम गंभीर ने साफ किया कि उनकी नजर अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका पर नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान भविष्य में क्या होगा, इस पर नहीं बल्कि अगले पांच दिनों में होने वाले मुकाबले पर है. श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट जीतकर भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. अब टीम की नजर दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने पर है. गंभीर ने कहा कि टीम इस समय सिर्फ उस मैच को जीतने पर ध्यान दे रही है जो उसके हाथ में है.

Also Read: Rahul Dravid on Vaibhav Sooryavanshi: द्रविड़ ने बताया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए क्यों जरूरी है रेड-बॉल क्रिकेट

Gautam Gambhir: चाहते हैं 3 मैचों की टेस्ट सीरीज

श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज को लेकर भी गंभीर ने एक अहम बात कही. उन्होंने कहा कि वह दो मैचों की बजाय तीन मैचों की टेस्ट सीरीज पसंद करते. गंभीर के मुताबिक, अगर कोई टीम पहला टेस्ट हार जाती है तो दो मैचों की सीरीज में उसके पास वापसी करके सीरीज जीतने का मौका नहीं रहता. ज्यादा टेस्ट मैच होने से दोनों टीमों को वापसी का बेहतर अवसर मिलेगा.

Gautam Gambhir: दूसरे टेस्ट में 20 विकेट लेने वाली गेंदबाजी पर जोर

दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर गंभीर ने ज्यादा जानकारी नहीं दी. उन्होंने कहा कि टीम ऐसी गेंदबाजी लाइनअप उतारने की कोशिश करेगी जो 20 विकेट लेने में सक्षम हो. कुलदीप यादव को पहले टेस्ट में कम ओवर दिए जाने को लेकर भी सवाल हुआ. इस पर गंभीर ने कहा कि कुलदीप अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन कई बार गेंदबाजों का इस्तेमाल करना कप्तान का फैसला होता है. गॉल टेस्ट में भारत की 165 रन की जीत में युवा खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा था. गंभीर ने मानव सुथार और देवदत्त पडिक्कल के प्रदर्शन की भी तारीफ की.

Also Read: Cristiano Ronaldo Record: रोनाल्डो ने रचा इतिहास, लगातार 25वें सीजन में किया गोल; 1000 गोल से सिर्फ 23 कदम दूर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >