FIFA BEST XI TEAM : फीफा ने 2026 फीफा विश्व कप के फाइनल के तीन दिन बाद टूर्नामेंट की फैंस बेस्ट इलेवन (Best XI) का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इस टीम में विश्व चैंपियन स्पेन और फ्रांस का दबदबा देखने को मिला, जबकि सबसे बड़ा सरप्राइज केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा (Vozinha) रहे. वहीं, दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन को इस टीम में जगह नहीं दी गई है.
स्पेन और फ्रांस का दबदबा
विश्व कप चैंपियन स्पेन के तीन खिलाड़ियों को बेस्ट इलेवन में चुना गया. इनमें नए रियल मैड्रिड खिलाड़ी मार्क कुकुरेला, टोटेनहैम के पेड्रो पोरो और मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर रोड्री शामिल हैं. रोड्री को पूरे टूर्नामेंट का बेस्ट प्लेयर भी चुना गया था. फ्रांस की ओर से काइलियन एमबाप्पे, दायोट उपामेकानो और माइकल ओलिसे को जगह मिली. एमबाप्पे ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 10 गोल किए, जबकि ओलिसे सबसे अधिक असिस्ट देने वाले खिलाड़ी रहे.
हार के बावजूद मेसी का जलवा
फाइनल में स्पेन से हारने वाली अर्जेंटीना के दो खिलाड़ियों को बेस्ट XI में जगह मिली. कप्तान लियोनेल मेसी ने पूरे टूर्नामेंट में 8 गोल और 4 असिस्ट के साथ शानदार प्रदर्शन किया, जिसके दम पर उन्हें टीम में शामिल किया गया. उनके साथ डिफेंडर लिसांड्रो मार्टिनेज भी चुने गए.
बेलिंगहैम और हालैंड भी शामिल
इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम और नॉर्वे के गोल मशीन एरलिंग हालैंड भी फीफा की सर्वश्रेष्ठ टीम का हिस्सा बने. बेलिंगहैम का चयन इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन से ऊपर किया गया, जो इस टीम में जगह नहीं बना सके.
वोजिन्हा बने सबसे बड़े सरप्राइज
इस बेस्ट XI की सबसे चर्चित एंट्री केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा रहे. 6 लाख से भी कम आबादी वाले छोटे से अफ्रीकी देश के इस गोलकीपर ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बचाव किए और अपनी टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. अर्जेंटीना के खिलाफ उनके प्रदर्शन ने दुनियाभर का ध्यान खींचा और अब फीफा ने उन्हें विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल कर सम्मानित किया है. वह इस टीम में शामिल होने वाले इकलौते अफ्रीकी खिलाड़ी हैं.
रियल मैड्रिड ने बनाया रिकॉर्ड
इस बेस्ट XI में रियल मैड्रिड के तीन खिलाड़ी शामिल हैं—काइलियन एमबाप्पे, जूड बेलिंगहैम और मार्क कुकुरेला. खास बात यह है कि तीनों खिलाड़ियों ने विश्व कप में अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व किया. फीफा के आधुनिक रिकॉर्ड के अनुसार, पहली बार किसी एक क्लब के तीन खिलाड़ियों ने तीन अलग-अलग राष्ट्रीय टीमों से खेलते हुए विश्व कप की आधिकारिक बेस्ट इलेवन में जगह बनाई है.
FIFA World Cup 2026 Best XI
गोलकीपर: वोजिन्हा (केप वर्डे)
डिफेंडर: पेड्रो पोरो (स्पेन), दायोट उपामेकानो (फ्रांस), लिसांड्रो मार्टिनेज (अर्जेंटीना), मार्क कुकुरेला (स्पेन)
मिडफील्डर: रोड्री (स्पेन), जूड बेलिंगहैम (इंग्लैंड), माइकल ओलिसे (फ्रांस)
फॉरवर्ड: लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना), काइलियन एमबाप्पे (फ्रांस), एरलिंग हालैंड (नॉर्वे)
ये भी पढ़ें: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का शेड्यूल जारी, जानें कहां होगा यह महामुकाबला
