Cristiano Ronaldo Record: रोनाल्डो ने रचा इतिहास, लगातार 25वें सीजन में किया गोल; 1000 गोल से सिर्फ 23 कदम दूर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और अविश्वसनीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने लगातार 25वें लीग सीजन में गोल करके दुनिया के पहले फुटबॉलर बनने का गौरव हासिल किया है. यह उपलब्धि उन्हें ज्लातान इब्राहिमोविच से आगे ले जाती है.

Cristiano Ronaldo Record: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने शानदार फुटबॉल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी ने लगातार 25वें लीग सीजन में गोल करके नया रिकॉर्ड बना दिया. रोनाल्डो ऐसा करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं. उन्होंने इस मामले में स्वीडन के पूर्व स्टार खिलाड़ी ज्लातान इब्राहिमोविच का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा है.

अल नास्र की जीत में रोनाल्डो ने दागा गोल

सऊदी प्रो लीग में 21 अगस्त को अल नास्र का सामना अल रियाद से हुआ. इस मुकाबले में अल नास्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत दर्ज की. रोनाल्डो को इस मैच के लिए शुरुआती प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था.

बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे

41 वर्षीय रोनाल्डो मुकाबले के 62वें मिनट में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे. उस समय अल नास्र 3-0 से आगे चल रही थी. मैदान पर आने के करीब 21 मिनट बाद ही रोनाल्डो ने अपना असर दिखाया. 83वें मिनट में आयमन याह्या के क्रॉस पर रोनाल्डो ने बाएं पैर से शानदार फिनिश करते हुए टीम का चौथा गोल किया. इस गोल के साथ उन्होंने नए सीजन की शुरुआत भी गोल के साथ की.

लगातार 25 सीजन में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी

रोनाल्डो का यह रिकॉर्ड इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने अपने करियर के 25 अलग-अलग लीग सीजन में गोल किया है. उन्होंने 2002-03 में स्पोर्टिंग सीपी के लिए गोल करने के साथ इस सिलसिले की शुरुआत की थी. इसके बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड, रियल मैड्रिड, जुवेंटस और अल नास्र के लिए खेलते हुए उन्होंने हर सीजन में कम से कम एक गोल किया. रोनाल्डो ने इस दौरान चार देशों में क्लब फुटबॉल खेला और अलग-अलग टीमों के लिए लगातार गोल करने का सिलसिला बरकरार रखा.

इब्राहिमोविच का रिकॉर्ड भी हुआ पीछे

इस उपलब्धि के साथ रोनाल्डो ने ज्लातान इब्राहिमोविच का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इब्राहिमोविच ने 1999 से 2022-23 तक लगातार 24 सीजन में गोल किया था. अब रोनाल्डो ने 25वें सीजन में गोल करके यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

Also Read: IND vs SL 2nd Test: कोलंबो में कैसा रहेगा मौसम, टॉस जीतकर क्या करना होगा बेहतर? जानें कहां देख सकेंगे मैच का लाइव प्रसारण

1000 गोल के बेहद करीब पहुंचे रोनाल्डो

अल रियाद के खिलाफ किया गया गोल रोनाल्डो के प्रोफेशनल सीनियर करियर का 977वां गोल है. यानी अब वह फुटबॉल में 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े से सिर्फ 23 गोल दूर हैं. अल नास्र के लिए भी यह उनका सभी प्रतियोगिताओं में 130वां गोल है. 41 साल की उम्र में भी रोनाल्डो की गोल करने की निरंतरता उनके करियर की सबसे बड़ी खासियतों में से एक बनी हुई है.

अल नास्र ने 4-0 से जीता मुकाबला

अल रियाद के खिलाफ अल नास्र की 4-0 की जीत में अब्दुलइलाह अल-अमरी, एंजेलो गैब्रिएल, जोआओ फेलिक्स और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने गोल किए. टीम ने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा और आसान जीत के साथ नए सीजन में शानदार शुरुआत की है.

Also Read: तीन दिन में दो बार ऑलआउट हुई आगा की टीम, WTC टेबल में आखिरी पायदान पर पहुंचा पाकिस्तान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >