Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने फिटनेस को लेकर ऐसा बयान दिया है जो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. अपनी शानदार फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले कोहली का मानना है कि क्रिकेटर्स की फिटनेस हॉकी खिलाड़ियों के मुकाबले 15 प्रतिशत भी नहीं है.
आरसीबी इनोवेशन लैब इंडियन स्पोर्ट्स समिट में बात करते हुए विराट कोहली ने कहा कि भारत में क्रिकेट को अत्यधिक महत्व मिलने के कारण अन्य खेल पीछे रह जाते हैं. कोहली ने कहा कि सच तो यह है कि हम क्रिकेटर्स, हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस के करीब भी नहीं हैं. अगर वे हमारे ट्रेनिंग सेशन देख लें तो शायद हंसने लगेंगे, क्योंकि हॉकी में बहुत ज्यादा एन्ड्योरेंस और फिटनेस की जरूरत होती है.
भारतीय हॉकी टीम का दिल जीतने वाला रिएक्शन
विराट कोहली के इस बयान के बाद हॉकी जगत से भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आईं. भारतीय हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर हरमनप्रीत सिंह ने कोहली की सराहना की. उन्होंने कहा कि विराट कोहली ने वर्षों तक दबाव में रहकर भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है और उन्होंने फिटनेस के जो मानक स्थापित किए हैं, वे हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा हैं. हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि जब कोहली जैसा बड़ा खिलाड़ी हॉकी को इस तरह सम्मान देता है, तो पूरे हॉकी समुदाय का हौसला बढ़ता है.
युवा क्रिकेटर्स को कोहली की खास सलाह
इस कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली ने आईपीएल खेल रहे युवा खिलाड़ियों को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया. उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को आईपीएल की चमक-दमक और त्वरित प्रसिद्धि के बजाय लंबे समय तक देश के लिए खेलने पर ध्यान देना चाहिए. कोहली ने सलाह दी कि अगर खिलाड़ी धैर्य के साथ लंबे समय तक टिककर प्रदर्शन करेंगे, तभी उन्हें क्रिकेट में असली सम्मान और पहचान मिल पाएगी.
अरकम अब्दुल मन्नान
यह भी पढ़ें: कप्तानी छोड़ने के कई साल बाद विराट कोहली का छलका दर्द, क्यों मानते हैं द्रविड़ और राठौड़ का अहसान
