रोहित शर्मा ने बचाई थी नौकरी, अब टीम से बाहर हो सकता है यह कोच

T Dilip Contract: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत लिया है. लेकिन टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप का भविष्य खतरे में है. इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा कैच छोड़े हैं. इसके चलते बीसीसीआई दिलीप का कॉन्ट्रैक्ट आगे बढ़ाने पर रोक लगा सकती है. जून में उनका करार खत्म हो रहा है.

T Dilip Contract: भारतीय टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है. लेकिन इस जीत के बाद भी टीम के एक अहम सदस्य का भविष्य खतरे में नजर आ रहा है. हम बात कर रहे हैं फील्डिंग कोच टी दिलीप की. साल 2021 से टीम के साथ जुड़े दिलीप को लेकर आने वाले दिनों में बीसीसीआई कोई बड़ा फैसला ले सकती है.

खराब फील्डिंग बनी खतरे की घंटी

वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भी मैदान पर खिलाड़ियों की फील्डिंग ने काफी निराश किया. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने कई कैच छोड़े. भारत ने इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा कैच ड्रॉप किए. मैच दर मैच फील्डिंग में हुई इस भारी चूक के कारण अब फील्डिंग कोच टी दिलीप के काम पर सवाल उठ रहे हैं. उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 में खत्म होने वाला है. इस खराब रिकॉर्ड को देखते हुए बोर्ड उनकी जगह किसी नए चेहरे को मौका दे सकता है.

पहले भी जा चुकी है कुर्सी

टी दिलीप का सफर भारतीय टीम के साथ उतार-चढ़ाव वाला रहा है. उन्होंने राहुल द्रविड़ के कोचिंग समय में अपना काम शुरू किया था. टी20 वर्ल्ड कप 2024 खत्म होने पर उनका कार्यकाल भी पूरा हो गया था. इसके बाद उन्हें मार्च 2025 तक का समय दिया गया. लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम की फील्डिंग बहुत खराब रही. इसके चलते दिलीप को कार्यकाल पूरा होने से पहले ही बीच में पद से हटा दिया गया था.

रोहित की सिफारिश पर हुई थी वापसी

ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर होने के बाद दिलीप का करियर खत्म लग रहा था. उस समय कप्तान रोहित शर्मा ने उनका साथ दिया. रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित ने हेड कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई से दिलीप को वापस लाने की मांग की थी. कप्तान के दखल देने के बाद ही उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिला. इसी कारण वह इंग्लैंड दौरे पर फिर से टीम से जुड़े और इस वर्ल्ड कप में भी बतौर फील्डिंग कोच मौजूद थे.

विदेशी विकल्प न मिलने का मिला था फायदा 

पिछले साल टी दिलीप की टीम इंडिया में दोबारा एंट्री का एक बड़ा कारण विदेशी कोच का न मिलना था. बीसीसीआई किसी विदेशी फील्डिंग कोच को टीम के साथ जोड़ना चाहती थी. बोर्ड ने तलाश भी की लेकिन कोई सही उम्मीदवार नहीं मिला. दूसरा विकल्प न होने पर दिलीप को वापस बुलाया गया. दिलीप के पास कोचिंग का अच्छा अनुभव है. वह 2007 से 2019 तक हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में काम कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने नेशनल क्रिकेट एकेडमी में अपनी सेवाएं दी और फिर टीम इंडिया तक पहुंचे.

ये भी पढ़ें-

अर्शदीप पर ICC का एक्शन, जानिए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद क्यों हुई कार्रवाई?

ये किसके ईशारों पर खेल रहे हैं संजू सैमसन! वीडियो देख हैरान रह जाएंगे आप

मेरे सपने टूट गए, संजू ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले के प्रदर्शन को लेकर किया खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >