साउथ अफ्रीका से हार पर नाराज गावस्कर, कहा- अहंकार त्याग कर खेले टीम इंडिया

Sunil Gavaskar Angry on India: टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार पर सुनील गावस्कर ने भारतीय बल्लेबाजों की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि टीम इंडिया को अति आत्मविश्वास और अहंकार त्याग कर पिच के अनुसार खेलना चाहिए. गावस्कर ने अक्षर पटेल की वापसी की बात भी कही है.

Sunil Gavaskar Angry on India: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर आठ मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मिली 76 रन की करारी हार के बाद टीम इंडिया सवालों के घेरे में है. बल्लेबाजों के फ्लॉप होने के कारण भारत को यह हार झेलनी पड़ी. पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने टीम के रवैये की कड़ी आलोचना की है. गावस्कर का मानना है कि भारतीय टीम को इस हार से सबक लेना चाहिए. खिलाड़ियों को अपना अहंकार और अति आत्मविश्वास छोड़कर, स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए.

मिलर और ब्रेविस से सीखें भारतीय बल्लेबाज 

साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी खराब थी. उनके तीन विकेट महज 20 रन पर गिर गए थे. इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने 97 रन की शानदार साझेदारी की. इसके दम पर टीम ने 187 रन का स्कोर बनाया. गावस्कर ने जिओ स्टार से कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को इनसे सीखना चाहिए था. मुश्किल पिच पर बिना अहंकार के पारी का विश्लेषण करके संभलकर खेलना चाहिए था.

हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलना पड़ा भारी 

साउथ अफ्रीका के जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर ही सिमट गई. गावस्कर ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों ने कोई सबक नहीं लिया. बल्लेबाज अति आत्मविश्वास में उतरे और हर गेंद पर बल्ला चलाया. टी20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता. उन्होंने बिना सोचे समझे विकेट गंवा दिए. इस मैच में साउथ अफ्रीका हर विभाग में भारत से काफी बेहतर साबित हुआ.

पावरप्ले में ही भारतीय टीम हुई पस्त 

टारगेट का पीछा करते हुए भारत का शीर्ष क्रम पूरी तरह नाकाम रहा. पावर प्ले के अंदर ही टीम ने तीन अहम विकेट गंवा दिए. ओपनर इशान किशन बिना खाता खोले शून्य पर आउट हुए. अभिषेक शर्मा 15 रन और तिलक वर्मा केवल एक रन बनाकर चलते बने. इन शुरुआती झटकों से टीम इंडिया मैच में उबर ही नहीं पाई.

तिलक वर्मा के रवैये से गावस्कर निराश 

युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के खराब प्रदर्शन ने गावस्कर को बहुत निराश किया. उन्होंने कहा कि तिलक एक बेहद चतुर बल्लेबाज हैं, लेकिन इस मैच में उनका तरीका बिल्कुल सही नहीं था. विकेट गिरने के बाद तिलक को क्रीज पर समय बिताना चाहिए था. उन्हें बेवजह शॉट खेलने के बजाय साझेदारी निभाने पर अपना पूरा ध्यान लगाना चाहिए था.

अगले मैच में अक्षर पटेल लौटें 

भारत का अगला मुकाबला अब जिंबाब्वे से होगा. इस मैच के लिए गावस्कर ने टीम में बदलाव का सुझाव दिया है. पिछले मैच में अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को मौका मिला था. गावस्कर ने कहा कि जिंबाब्वे टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमी है, इसलिए अक्षर पटेल की वापसी होनी चाहिए. अर्शदीप ने अच्छी गेंदबाजी की है, इसलिए वाशिंगटन को बाहर बैठना होगा.

ये भी पढ़ें-

अक्षर पटेल क्यों हुए ड्रॉप? अजिंक्य रहाणे ने टीम मैनेजमेंट को सुनाई खरी-खोटी

भारत की हार के बाद मोहम्मद आमिर ने कसा तंज, टीवी शो पर उड़ाया मजाक

उसने असली अनुभव दिखाया, भारत की हार के बाद इरफान पठान ने की डेविड मिलर की तारीफ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >