अफगानिस्तान का पत्ता टी20 वर्ल्ड कप से लगभग साफ, प्वाइंट्स टेबल में जानें ग्रुप डी का हाल

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दो सुपर ओवर वाले रोमांचक मैच में हरा दिया. इस जीत से पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड 4-4 अंकों के साथ टॉप पर हैं. वहीं अफगानिस्तान के लिए सुपर-8 की राह अब लगभग बंद हो गई है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के 13वें मुकाबले के नतीजों ने ग्रुप डी की प्वाइंट्स टेबल (Points Table) की तस्वीर पूरी तरह से साफ कर दी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान (AFG vs SA) को हरा दिया. यह जीत आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए दो-दो सुपर ओवर खेलने पडे. इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 की तरफ मजबूत कदम बढा दिए हैं, वहीं अफगानिस्तान की टीम के लिए आगे की राह बेहद मुश्किल हो गई है. पॉइंट्स टेबल के आंकडे बता रहे हैं कि अब ग्रुप डी से कौन सी दो टीमें अगले राउंड में जा सकती हैं.

प्वाइंट्स टेबल में न्यूजीलैंड का दबदबा

ग्रुप डी की ताजा प्वाइंट्स टेबल पर नजर डालें तो न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका सबसे ऊपर हैं. न्यूजीलैंड ने अब तक अपने 2 मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है. उनका नेट रन रेट +1.919 है और उनके पास कुल 4 अंक हैं. वहीं, साउथ अफ्रीका ने भी अपने 2 मैच खेले हैं और दोनों जीते हैं. साउथ अफ्रीका 4 अंक और +1.425 के नेट रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर है. इन दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है और इनका अगले राउंड में जाना लगभग तय माना जा रहा है. वहीं, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा का अभी खाता भी नहीं खुला है.

स्थानटीममैचजीतहारNRR (नेट रन रेट)पॉइंट्स
1न्यूजीलैंड220+1.9194
2साउथ अफ्रीका220+1.4254
3अफगानिस्तान202-0.5550
4यूएई101-2.7630
5कनाडा101-2.8500

अफगानिस्तान की राह रहेगी मुश्किल

लगातार दो हार के बाद अफगानिस्तान की टीम प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है, लेकिन उसके पास 0 अंक हैं. उसका नेट रन रेट -0.555 है. अब अगर अफगानिस्तान को टूर्नामेंट में बने रहना है, तो उसे अपने बचे हुए दोनों मैच यूएई और कनाडा के खिलाफ बडे अंतर से जीतने होंगे. सिर्फ जीतना ही काफी नहीं होगा, बल्कि उन्हें यह दुआ भी करनी होगी कि न्यूजीलैंड या साउथ अफ्रीका अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाएं. चूंकि न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका बेहतरीन फॉर्म में हैं, इसलिए ऐसा होना बहुत मुश्किल लग रहा है. यूएई और कनाडा की टीमें भी क्रमश: चौथे और पांचवे नंबर पर हैं और उनका रन रेट काफी खराब है.

187 रन बनने के बाद टाई हुआ मुकाबला

अहमदाबाद में खेला गया यह मैच सांसें रोक देने वाला था. साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए थे. इतने बडे स्कोर का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ने भी गजब का जज्बा दिखाया और स्कोर को बराबरी पर ला खडा किया. अफगानिस्तान ने भी 20 ओवर में 187 रन बनाए, जिसके बाद मैच टाई हो गया. आम तौर पर मैच का फैसला एक सुपर ओवर में हो जाता है, लेकिन यहां रोमांच अभी बाकी था.

पहले सुपर ओवर का ड्रामा

मैच टाई होने के बाद पहला सुपर ओवर खेला गया. इसमें अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी की और 17 रन बना दिए. यह एक बडा स्कोर था. जवाब में साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स ने टीम को बचा लिया. साउथ अफ्रीका को टाई कराने के लिए आखिरी दो गेंदों पर 10 रन चाहिए थे. स्टब्स ने पहले चौका और फिर छक्का लगाकर स्कोर बराबर कर दिया. इस तरह पहला सुपर ओवर भी टाई रहा और बात दूसरे सुपर ओवर तक पहुंच गई.

दूसरे सुपर ओवर में ऐसे मिली जीत

दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बैटिंग की. स्टब्स और मिलर ने मिलकर टीम का स्कोर 23 रन तक पहुंचा दिया. अफगानिस्तान के लिए यह लक्ष्य बहुत बडा था. अफगानी बल्लेबाज गुरबाज ने हार नहीं मानी और तीसरी, चौथी और पांचवी गेंद पर लगातार तीन छक्के जड दिए. अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए बाउंड्री की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज यह नहीं कर पाए. इस तरह साउथ अफ्रीका ने यह मैराथन मुकाबला जीत लिया और पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली.

ये भी पढ़ें-

बदकिस्मत रहे कि हम हार गए, साउथ अफ्रीका से मिली रोमांचक हार के बाद टूटे राशिद खान

20वें ओवर का ड्रामा, रबाड़ा की नो बॉल और वाइड ने बदला गेम, जानें सबकुछ

टी20 वर्ल्ड कप 2026: ये तो गजब हो गया! दो सुपर ओवर के बाद साउथ अफ्रीका ने 4 रन से मारी बाजी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >