पाक और बांग्लादेश विवाद पर जय शाह का पहला बयान, बोले- आईसीसी से ऊपर कोई नहीं

Jay Shah on Pakistan Controversy: आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ हुए विवाद पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि कोई भी देश संस्था से बड़ा नहीं है.

Jay Shah on Pakistan Controversy: टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म हो चुका है. भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया है. इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले काफी विवाद हुआ था. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत आने से मना कर दिया था. इसके बाद पाकिस्तान ने भी टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की धमकी दी थी. अब आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि कोई भी टीम क्रिकेट संस्था से बड़ी नहीं है.

कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं 

जय शाह ने एक अवॉर्ड कार्यक्रम में बिना किसी देश का नाम लिए सीधा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यह वर्ल्ड कप बहुत अहम था क्योंकि इसके शुरू होने से पहले कई तरह की बातें हो रही थीं. कुछ टीमों के खेलने पर सवाल उठ रहे थे. आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर उनका मानना है कि कोई भी टीम संस्था से बड़ी नहीं होती. संस्था किसी एक टीम से नहीं, बल्कि सभी टीमों से मिलकर बनती है.

बांग्लादेश और पाकिस्तान का विवाद

टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा का हवाला देकर भारत आने से इनकार कर दिया था. आईसीसी ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़े रहे. इसके बाद आईसीसी ने सख्त कदम उठाते हुए डेडलाइन खत्म होने पर बांग्लादेश को बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका दिया. 

इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए पहले टूर्नामेंट न खेलने की धमकी दी. बाद में पाकिस्तान ने कहा कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा. लेकिन अंत में पाकिस्तान ने अपना फैसला बदला और भारत के खिलाफ मैच खेला, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा.

टूटे व्यूअरशिप के सभी पुराने रिकॉर्ड

जय शाह ने बताया कि इस वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इतिहास में पहली बार एक साथ 745 मिलियन (74.5 करोड़) लोगों ने लाइव मैच देखा. उन्होंने बताया कि इस बार छोटे देशों ने भी बहुत अच्छा खेल दिखाया. अमेरिका ने भारत को कड़ी टक्कर दी. नीदरलैंड ने पाकिस्तान को परेशान किया. जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और नेपाल ने इंग्लैंड को डरा दिया. जय शाह ने इन सभी टीमों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी.

सूर्या और गंभीर के लिए संदेश 

जय शाह ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को एक अहम संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि शिखर से नीचे गिरने में कुछ ही महीने लगते हैं, लेकिन नीचे से ऊपर पहुंचने में सालों की मेहनत लग जाती है. इसलिए कड़ी मेहनत करते रहें और आगे भी इसी तरह टीम को जीत दिलाते रहें.

ओलंपिक 2028 और भविष्य की तैयारी

जय शाह साल 2019 से 2024 तक बीसीसीआई के सचिव रहे थे. उन्होंने बताया कि बीसीसीआई में रहते हुए उन्होंने 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक तक की योजना बना ली थी. अब वह आईसीसी की कमान संभाल रहे हैं. उन्होंने भारतीय टीम को सलाह दी है कि वे अपना पूरा ध्यान 2028 के ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने पर लगाएं. साथ ही टीम को 2030, 2031 और 2036 के टूर्नामेंट के लिए भी अभी से अपनी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.

ये भी पढ़ें-

वंशिका के हुए कुलदीप यादव, शादी में तिलक और चहल ने जमाया रंग, देखें वीडियो

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को झटका, पीटरसन ने छोड़ा मेंटर पद, इस किरदार में आएंगे नजर

IPL 2026 में मचेगा धामाल! बल्ले से आग उगलने की तैयारी कर रहे धोनी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >