भारत-पाक मैच पर मचा बवाल, इरफान बोले- पाकिस्तान सरकार लेगी यू-टर्न, मैदान पर फिर हारेगी

Irfan Pathan on IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच पर पाकिस्तान के बॉयकॉट के फैसले से विवाद खड़ा हो गया है. पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने कहा है कि पाकिस्तान कभी भी यू-टर्न ले सकता है. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम पूरी तरह तैयार है.

Irfan Pathan on IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सबसे बड़े मुकाबले को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. भारत और पाकिस्तान (Ind vs Pak) के बीच 15 फरवरी को होने वाले मैच पर पाकिस्तान के बॉयकॉट के फैसले ने हलचल मचा दी है. लेकिन इस बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान (Irfan Pathan) ने एक बड़ा दावा कर दिया है. इरफान का कहना है कि पाकिस्तान अपने फैसले से कभी भी पलट सकता है और “यू-टर्न” ले सकता है. यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान सरकार और क्रिकेट बोर्ड के रवैये पर आईसीसी और बीसीसीआई दोनों ही सख्त नजर आ रहे हैं.

पाकिस्तान विवाद पर इरफान का बयान

इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान की आदत है पलटी मारने की. उन्होंने कहा कि ग्रुप स्टेज में आपको कोई चुनौती देखने को नहीं मिलेगी. भले ही पाकिस्तान ने अभी भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का फैसला किया है, लेकिन वो यू-टर्न कभी भी हो सकता है. इरफान ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वो अपना फैसला बदल भी लेते हैं, तो क्या वो हमें चुनौती दे पाएंगे? अगर आप पिछला वर्ल्ड कप देखें या भारत-पाकिस्तान के पुराने मैच देखें, तो ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि पाकिस्तान की टीम भारत को टक्कर देने की स्थिति में है.

एशिया कप 2025 की याद, भारत की हैट्रिक 

इरफान पठान ने आंकड़ों की बात करते हुए पाकिस्तान को आईना दिखाया. उन्होंने याद दिलाया कि कैसे भारतीय टीम ने अपने इस चिर-प्रतिद्वंद्वी पर पूरी तरह से डोमिनेशन यानी दबदबा बनाया हुआ है. पठान ने कहा कि ऐसा एक या दो बार नहीं हुआ है. भारत ने 2025 के एशिया कप में पाकिस्तान को तीन बार हराया था. भारत का उन पर पूरा कंट्रोल है. इरफान का यह बयान भारतीय फैंस के लिए जोश भरने वाला है क्योंकि हाल के दिनों में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की है.

पाकिस्तान का फैसला, ICC की फटकार 

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट डाली. इसमें कहा गया कि पाकिस्तान की टीम बिना कोई कारण बताए भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी. इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी इसी सुर में सुर मिलाया. हालांकि, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. आईसीसी ने साफ कहा कि इस तरह चुनिंदा भागीदारी किसी भी ग्लोबल स्पोर्टिंग इवेंट के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ है. आईसीसी ने पीसीबी से कहा है कि वो ऐसा समाधान निकाले जो सभी के हित में हो, वरना इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे.

BCCI ने बताया इसे खेल भावना के खिलाफ

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी पाकिस्तान के इस फैसले की कड़ी निंदा की है. वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के फाइनल के दौरान मीडिया से बात करते हुए बीसीसीआई के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि यह किसी भी खेल की भावना के खिलाफ है. यह पाकिस्तान का बहुत ही गलत फैसला है. भाटिया ने भरोसा जताया कि आईसीसी इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगा और हम आईसीसी के फैसले का इंतजार करेंगे. भारत का रुख साफ है कि खेल के मैदान में राजनीति को नहीं लाना चाहिए.

कप्तान सूर्या की हुंकार, हम हैं तैयार 

मैदान के बाहर चल रही इस सियासी उठापटक के बीच भारतीय टीम का फोकस सिर्फ खेल पर है. भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि विरोधी टीम क्या कर रही है, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता. कोलंबो में कप्तानों की मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सूर्या ने कहा कि भारतीय टीम इस महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है. 

उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान के बॉयकॉट की खबरों के बावजूद भारत की तैयारी और एप्रोच में कोई बदलाव नहीं आया है. टीम इंडिया 15 फरवरी के मैच को लेकर अपनी रणनीति पर काम कर रही है और फैंस को उम्मीद है कि मैच होगा और भारत फिर से जीत का परचम लहराएगा.

ये भी पढ़ें-

फाइनल में भारत ने जीता टॉस,इंग्लैंड की पहले गेंदबाजी, ऐसी है दोनों टीम की प्लेइंग इलेवन

पाकिस्तान को श्रीलंका की दो टूक, भारत से नहीं खेले तो होगा बड़ा नुकसान

स्मृति मंधाना की टीम ने रचा इतिहास, आरसीबी पर हुई पैसों की बारिश, हार के बाद भी दिल्ली मालामाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >