Suryakumar Yadav Bodyguard: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का कारवां अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. टीम इंडिया सीरीज के 5वें और फाइनल मुकाबले के लिए केरल के तिरुवनंतपुरम पहुंच चुकी है. लेकिन एअरपोर्ट पर कुछ ऐसा हुआ जिसने मैच से पहले ही फैंस का दिल जीत लिया. यह शहर संजू सैमसन (Sanju Samson) का होम टाउन है.
जब संजू अपने होम ग्राउंड पर लैंड हुए, तो उनका स्वागत किसी राजा से कम नहीं था. लेकिन सबसे मजेदार बात यह रही कि उन्हें यह VIP ट्रीटमेंट किसी पुलिसवाले या सिक्योरिटी गार्ड ने नहीं, बल्कि खुद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने दिया. जी हां, सूर्या यहां ‘बॉडीगार्ड’ की भूमिका में नजर आए.
कप्तान बने बॉडीगार्ड, वीडियो हुआ वायरल
BCCI ने टीम के तिरुवनंतपुरम पहुंचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो की सबसे खास बात संजू और सूर्या की केमिस्ट्री है. जैसे ही टीम एअरपोर्ट से बाहर निकलने लगती है, संजू सैमसन के बाहर आते ही शोर मच जाता है.
तभी अचानक फ्रेम में कप्तान सूर्यकुमार यादव की एंट्री होती है. वह संजू के आगे ऐसे चलते हैं जैसे कोई प्रोफेशनल बॉडीगार्ड अपने वीआईपी को भीड़ से बचा रहा हो. सूर्या का यह अंदाज इतना फनी और नेचुरल था कि वहां मौजूद लोग और खुद संजू सैमसन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
भीड़ को हटाया, फैंस को रोका
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सूर्यकुमार यादव को इस बात का पूरा अंदाजा था कि केरल में संजू की फैन फॉलोइंग किस लेवल की है. उन्हें पता था कि बाहर निकलते ही फैंस संजू को घेर लेंगे. इसलिए, एक जिम्मेदार बॉडीगार्ड की तरह सूर्या ने मोर्चा संभाला.
वह वीडियो में अपने हाथों से इशारा करके भीड़ को साइड में हटने के लिए कहते दिख रहे हैं. इतना ही नहीं, जब कुछ फैंस फोटो लेने के लिए आगे आए, तो सूर्या ने मजाक-मजाक में उन्हें भी रोकने की एक्टिंग की, जैसे कह रहे हों- साहब अभी बिजी हैं, रास्ता दीजिए. सूर्या की इस एक्टिंग ने वहां के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया.
संजू के चेहरे पर दिखी ‘होम वाली स्माइल’
अपने कप्तान को अपनी खातिरदारी में लगा देख संजू सैमसन भी गदगद हो गए. पूरे वीडियो में उनके चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान चिपकी रही. यह मुस्कान बता रही थी कि घर आने की खुशी और टीम के साथियों का प्यार उनके लिए कितना मायने रखता है.
आमतौर पर क्रिकेटर्स एयरपोर्ट पर काफी गंभीर या थके हुए दिखते हैं, लेकिन सूर्या की इस मस्ती ने पूरी टीम की थकान मिटा दी. संजू ने भी सूर्या के इस ‘प्रोटोकॉल’ का पूरा मजा लिया और एक वीआईपी की तरह ही सिर ऊंचा करके एयरपोर्ट से बाहर निकले.
इस बार का अहसास कुछ ज्यादा खास है
इस वीडियो में सिर्फ मस्ती ही नहीं थी, बल्कि संजू के दिल की बात भी थी. सूर्यकुमार यादव ने संजू से उनके शहर के बारे में भी पूछा. इस पर संजू ने जो जवाब दिया, उसने केरल के फैंस का सीना चौड़ा कर दिया.
संजू ने कहा कि तिरुवनंतपुरम आना उन्हें हमेशा अच्छा लगता है, सुकून देता है. लेकिन इस बार की बात कुछ और है. उन्होंने कहा, इस बार यह पल मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि मैं यहां सिर्फ छुट्टी मनाने नहीं, बल्कि टीम इंडिया के साथ मैच खेलने आया हूं. अपने घरेलू दर्शकों के सामने नीली जर्सी में खेलने का सपना हर खिलाड़ी का होता है और संजू का यह सपना इस सीरीज के फाइनल मैच में और भी यादगार बन सकता है.
ये भी पढ़ें-
विराट कोहली का इंस्टाग्राम वापस आया, अकाउंट अचानक गायब हुआ था, फैंस बोले- आज तो डरा ही दिया आपने
IND vs NZ: विशाखापत्तनम में आया शिवम दुबे का तूफान, जड़ी फिफ्टी, युवराज के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे
