Major League Cricket: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के 13वें मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम ने टेक्सास सुपर किंग्स को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की. ओकलैंड में खेले गए इस मुकाबले में निखिल चौधरी ने अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई. मैच में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले और नतीजा आखिरी गेंद पर जाकर तय हुआ.
अकील हुसैन ने ली MLC इतिहास की पहली हैट्रिक
वॉशिंगटन को आखिरी ओवर में जीत के लिए 6 रन चाहिए थे और टेक्सास की ओर से गेंदबाजी करने आए अकील हुसैन ने मुकाबले को पूरी तरह पलट दिया. ओवर की पहली गेंद डॉट रही. दूसरी गेंद पर मार्को यानसेन, तीसरी पर अमिला अपोंसो और चौथी गेंद पर आसिफ महमूद आउट हुए. इसके साथ ही अकील हुसैन मेजर लीग क्रिकेट के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए.
निखिल चौधरी ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
पांचवीं गेंद पर वॉशिंगटन फ्रीडम को लेग बाई के रूप में एक रन मिला. अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 5 रन की जरूरत थी. ऐसे दबाव भरे मौके पर निखिल चौधरी ने शानदार छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी.
मिचेल ओवेन ने दिलाई थी तेज शुरुआत
185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम को मिचेल ओवेन ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई. उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों पर 77 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह छक्के शामिल रहे. उनकी बल्लेबाजी की बदौलत एक समय टीम को अंतिम 10 ओवर में सिर्फ 74 रन की जरूरत थी और उसके आठ विकेट शेष थे. हालांकि इसके बाद टेक्सास के गेंदबाजों ने वापसी की और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया. ओबस पिएनार ने भी महत्वपूर्ण छक्के लगाए, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके.
टेक्सास सुपर किंग्स ने बनाए थे 184 रन
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टेक्सास सुपर किंग्स की शुरुआत धीमी रही. टीम पावरप्ले में केवल 33 रन ही बना सकी. कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 14 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाए. इसके बाद राइली रूसो और साईतेजा मुक्कामल्ला ने पारी को संभाला और मध्य ओवरों में टीम को मजबूती दी. वॉशिंगटन की ओर से निखिल चौधरी ने गेंद से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों सेट बल्लेबाजों को आउट किया.
मुल्डर-फरेरा ने अंत में बदला मैच का रुख
बीच के ओवरों में दबाव में दिख रही टेक्सास टीम को वियान मुल्डर और डोनोवन फरेरा ने संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 31 गेंदों में 75 रन की नाबाद साझेदारी की. मुल्डर ने 43 और फरेरा ने 44 रन बनाए, जिससे टेक्सास सुपर किंग्स 184 रन के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. हालांकि अंत में निखिल चौधरी के आखिरी गेंद पर लगाए गए छक्के ने टेक्सस से जीत छीन ली और वॉशिंगटन फ्रीडम को सीजन की सबसे रोमांचक जीतों में से एक दिला दी.
यह भी पढ़ें: ’13 छक्के मारूंगा…’ वैभव सूर्यवंशी के कायल हुए संगकारा, बताया कैसे RR ने पहचानी थी प्रतिभा
