वंशिका संग सात फेरे लेंगे कुलदीप, शादी में लगेगा सितारों का जमावड़ा

Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव आज मसूरी के सेवाय होटल में वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे. इस शाही शादी में विराट कोहली और रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है. मेहमानों के लिए खास पहाड़ी खाने का इंतजाम किया गया है.

Kuldeep Yadav Wedding: कुलदीप यादव शनिवार आज शाम अपनी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. यह विवाह समारोह मसूरी के जाने-माने सेवाय होटल में आयोजित हो रहा है. कुलदीप और वंशिका के परिवार वाले विवाह स्थल पर पहुंच चुके हैं और प्री-वेडिंग कार्यक्रम भी शुरू हो गए हैं. कुलदीप की शादी की मुख्य रस्में शाम छह बजे से शुरू होंगी.

शादी में पारंपरिक सजावट 

शादी समारोह के लिए होटल को ताजे फूलों, सुंदर लाइट और पारंपरिक सजावट से बहुत अच्छे तरीके से सजाया गया है. होटल प्रबंधन ने मेहमानों के स्वागत के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं. शादी में आने वाले मेहमानों के लिए कई तरह के व्यंजनों के साथ-साथ उत्तराखंड के खास पहाड़ी खाने की भी व्यवस्था की गई है. 

रिंकू, चहल और रैना पहुंचे, कोहली-रोहित का इंतजार

इस शादी में भारतीय टीम के कई बड़े खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ मसूरी में मौजूद हैं. इनके साथ ही युजवेंद्र चहल, फील्डिंग कोच टी दिलीप और सुरेश रैना भी कार्यक्रम में पहुंच चुके हैं. मोहम्मद कैफ भी देहरादून आ गए हैं. 

उम्मीद जताई जा रही है कि विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सुनील गावस्कर और सूर्यकुमार यादव भी समारोह में शामिल होंगे. इनके अलावा नीतीश राणा, मोहित शर्मा, जीतेश शर्मा, रवींद्र जडेजा और आरपी सिंह के आने की भी संभावना है.

आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

दिग्गज क्रिकेटरों की लिस्ट को देखते हुए मसूरी के इस होटल में सुरक्षा बहुत कड़ी कर दी गई है. होटल परिसर में केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन और होटल प्रबंधन ने मिलकर पूरे कार्यक्रम को शांति से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. बाहर के किसी भी व्यक्ति को होटल के अंदर जाने की अनुमति नहीं है.

मेलबर्न से पढ़ी हैं कुलदीप की होने वाली पत्नी 

कुलदीप यादव और वंशिका चड्ढा दोनों एक दूसरे को बचपन से जानते हैं. वंशिका चड्ढा ने अपनी पढ़ाई ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से की है. अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद वह वर्तमान में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में काम कर रही हैं. अब यह दोनों हमेशा के लिए एक नए जीवन की शुरुआत करने वाले हैं.

ये भी पढ़ें-

लाइव मैच में हादसा, दर्द से कराह उठा पाकिस्तानी, स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा अस्पताल

Fact Check: क्या शुभमन गिल ने टी20 वर्ल्ड कप सेलिब्रेशन फोटो से संजू सैमसन को हटाया?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >