ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने रचा इतिहास, SMAT 2025 का ऐतिहासिक खिताब जीता

Jharkhand Win SMAT 2025: ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. फाइनल में हरियाणा को 69 रन से हराया. किशन के शतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से झारखंड ने पहली बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की.

Jharkhand Win SMAT 2025: ईशान किशन (Ishan Kishan) की अगुवाई में झारखंड की क्रिकेट टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) में नया इतिहास रच दिया है. टीम ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा को 69 रन से हराकर पहली बार इस प्रतिष्ठित घरेलू टी20 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया. यह मुकाबला इसलिए भी खास रहा क्योंकि दोनों टीमें पहली बार फाइनल में पहुंची थीं. कप्तान ईशान किशन ने खिताबी मैच में शानदार शतक लगाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और हरियाणा पर दबदबा बनाते हुए झारखंड को यादगार जीत दिलाई. पुणे में खेले गए इस मुकाबले में झारखंड का प्रदर्शन हर विभाग में शानदार देखने को मिला.

फाइनल में झारखंड की दमदार बल्लेबाजी 

पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. यह फैसला जल्द ही गलत साबित हुआ. झारखंड के कप्तान ईशान किशन और उनके साथी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. पावरप्ले में ही झारखंड ने तेजी से रन बटोर लिए. पूरी पारी के दौरान हरियाणा के गेंदबाज दबाव में नजर आए और कोई भी गेंदबाज झारखंड के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सका.

ईशान किशन का ऐतिहासिक शतक

इस मुकाबले के सबसे बड़े नायक कप्तान ईशान किशन रहे. उन्होंने सिर्फ 45 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) के फाइनल में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए. किशन ने 49 गेंदों पर 101 रन बनाए. उनकी पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. किशन ने हरियाणा के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए. उनकी इस पारी ने फाइनल मुकाबले की दिशा पूरी तरह झारखंड के पक्ष में मोड़ दी.

कुमार कुशाग्र और अन्य बल्लेबाजों का योगदान

ईशान किशन का बेहतरीन साथ कुमार कुशाग्र (Kumar Kushagra) ने दिया. कुशाग्र ने 38 गेंदों में 81 रन की तेज तर्रार पारी खेली जिसमें 5 छक्के और 8 चौके शामिल थे. दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई साझेदारी ने झारखंड को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. अंत के ओवरों में अनुकूल रॉय (Anukul Roy) ने नाबाद 40 और रॉबिन मिंज (Robin Miz) ने नाबाद 31 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया. 20 ओवर में झारखंड ने 3 विकेट पर 262 रन बनाए जो फाइनल मुकाबले में एक बड़ा स्कोर साबित हुआ.

हरियाणा की लड़खड़ाती शुरुआत

262 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. कप्तान अंकित कुमार (Ankit Kumar) पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद आशीष सिवाच भी खाता नहीं खोल सके. शुरुआती झटकों से हरियाणा की पारी लड़खड़ा गई. अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी. पावरप्ले के बाद भी हरियाणा लगातार विकेट गंवाता रहा और रन रेट का दबाव बढ़ता चला गया.

झारखंड की ऐतिहासिक जीत

मध्यक्रम में निशांत सिंधु और यशवर्धन दलाल के बीच 67 रन की साझेदारी जरूर हुई लेकिन इससे मैच का रुख नहीं बदला. सिंधु के आउट होते ही हरियाणा की उम्मीदें भी टूट गईं. पूरी टीम 18.2 ओवर में 193 रन पर सिमट गई. झारखंड की ओर से सुशांत मिश्रा और बाल कृष्णा ने 3-3 विकेट लिए. विकाश सिंह और अनुकूल रॉय को 2-2 सफलता मिली. इस जीत के साथ झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया और ईशान किशन की कप्तानी में टीम ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया.

ये भी पढ़ें-

Watch: कॉन्वे और लैथम ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज के खिलाफ किया ऐसा करनाम की टूट गए पुराने रिकॉर्ड

रहमान डकैत के फैन निकले बांग्लादेशी खिलाड़ी! टीम का डांस वीडियो Viral

यह समझना मुश्किल है… आकाश चोपड़ा ने तीन बड़े विदेशी खिलाड़ियों के अनसोल्ड होने पर दिया बड़ा बयान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >