IPL 2026: स्टार बैटर विराट कोहली (Virat Kohli) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरुआती मुकाबले में ही अपने बल्ले की चमक बिखेर दी. चेज मास्टर ने नाबाद 69 रन जड़कर अपनी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को जीत दिला दी. कोहली 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक बार भी नहीं रुके. सलामी बल्लेबाज के रूप में क्रीज पर आए और मैच खत्म करने के बाद ही मैदान से बाहर निकले. सनराइजर्स हैदराबाद के स्टैंड इन कप्तान ईशान किशन की 80 रनों की पारी बेकार चली गई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को पहला झटका पावर प्ले में ही लगा, लेकिन देवदत्त पडिक्कल ने बहादुरी दिखाई और 20 गेंद पर पचासा जड़ टीम के स्कोर को तेज किया. बाकी का काम कोहली ने कर दिया.
16वें ओवर में कोहली का कमाल
हर्षल पटेल सनराइजर्स की ओर से 16वां ओवर फेंकने आए थे. कोहली स्ट्राइक पर थे. कोहली ने पहली ही गेंद को स्ट्रेट में छक्के के लिए भेजा. आरसीबी को जीतने के लिए 17 रनों की जरूरत थी. एक छक्का पड़ने के बाद अब केवल 11 रनों की जरूरत बची रह गई. कोहली अब भी कहां रुकने वाले थे. उन्होंने तीन लगातार गेंद पर तीन चौके जड़ दिए और सनराइजर्स के खिलाड़ी खड़े देखते ही रह गए. अपने होम ग्राउंड पर आरसीबी ने सीजन की पहली जीत दर्ज की और दर्शकों ने तालियां बजाकर अपनी टीम का स्वागत किया. आरसीबी ने 15.4 ओवर में ही 200 से अधिक रन को चेज कर लिया.
आसानी से चेज किया 202 का स्कोर
एक समय जब सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन बनाए तो ऐसा लग रहा था कि मुकाबला रोमांचक होगा. हालांकि शुरुआत से ही आरसीबी ने मैच पर पकड़ बनाए रखी. फिन सॉल्ट जब 8 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए तक टीम का स्कोर केवल 9 रन था. फिर हुई पडिक्कल की इंट्री. पडिक्कल ने एक छोर ने दनादन चौके और छक्के लगाए. पावर प्ले में ही आरसीबी ने 76 रन बना लिए. पडिक्कल ने 26 गेंद पर 61 रनों की बेहतरीन पारी खेली और आरसीबी ने मुकाबला एकतरफा जीत लिया. 12 गेंद पर 31 रन कप्तान रजत पाटीदार ने भी बनाए.
सनराइजर्स हैदराबाद की पारी का हाल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स के ओपनर ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने निराश किया. पावर प्ले में तेज़ी से तीन विकेट गंवाने के बाद, ईशान किशन की शानदार पारी और निचले क्रम के बल्लेबाजों के अहम योगदान की बदौलत हैदराबाद 200 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहा. सनराइजर्स ने तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया. इसी ओवर की आखिरी गेंद पर, डफी ने ट्रैविस हेड को भी सिर्फ 11 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया. उस समय तक मेहमान टीम का स्कोर 23 रन था. कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन और विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने हैदराबाद की पारी को संभाला और आठ ओवरों में टीम का स्कोर 70/3 तक पहुंचा. 10 ओवरों के बाद हैदराबाद एक अच्छी स्थिति में पहुंच चुका था, और उसका स्कोर 87/3 था.
16वें ओवर की आखिरी गेंद पर, सुयश ने ईशान किशन का बेहद जरूरी विकेट लिया. ईशान ने 38 गेंदों में आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 80 रनों की शानदार पारी खेली थी. इसके बाद हैदराबाद ने दो और विकेट गंवाए. 18 ओवर खत्म होने के बाद हैदराबाद का स्कोर 175/8 था. 19वें ओवर के दौरान, अनिकेत वर्मा ने दो छक्के और एक चौका जड़ा, जिसके बाद रोमारियो ने बदला लेते हुए वर्मा को आउट कर दिया. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 18 गेंदों में 43 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे. आखिर में, सनराइजर्स ने 200 रनों का आंकड़ा पार कर लिया और 20 ओवरों में 201/9 के स्कोर पर पारी खत्म की.
ये भी पढ़ें…
IPL टिकट पर कर्नाटक में सियासी जंग, बीजेपी ने बताया- VIP कल्चर
IPL 2026: SRH के खिलाफ मैच में काली पट्टी बांधकर खेलेगी RCB, जानें क्या है वजह
