आशा भोसले को श्रद्धांजलि, कोहली हुए भावुक, काली पट्टी बांध उतरे खिलाड़ी

MI vs RCB: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच वानखेड़े में मैच जारी है. मैच से पहले खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधकर महान गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी. हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी है. विराट कोहली ने भी सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट कर अपना दुख जताया है.

MI vs RCB: आईपीएल 2026 (IPL 2026) सीजन का 20वां मैच मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा है. यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है. इस मैच में खेल के साथ एक भावुक पल भी देखने को मिला. दोनों टीमों के प्लेयर्स ने गायिका आशा भोसले (Asha Bhosle) को उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी. मैच के शुरू होने से पहले पूरे स्टेडियम में एक मिनट का मौन रखा गया. इसके अलावा दोनों टीमों के सभी प्लेयर्स और स्टाफ हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे. यह संगीत के एक महान युग के अंत पर क्रिकेट जगत का सम्मान था.

92 साल की उम्र में आशा भोसले का निधन

मशहूर गायिका आशा भोसले का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्हें शनिवार को अचानक सांस लेने में काफी तकलीफ, सीने में इन्फेक्शन और बहुत अधिक थकान महसूस होने लगी थी. इसके तुरंत बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. वहां रविवार को मल्टी-ऑर्गन फेल होने के कारण उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली. आशा भोसले ने अपने आठ दशक लंबे करियर में कई सुपरहिट हिंदी गाने गाए. उनकी मौत की खबर से पूरा देश काफी उदास है.

विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर जताया दुख

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्लेयर विराट कोहली भी मुंबई के खिलाफ यह मुकाबला खेल रहे हैं. विराट ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख प्रकट किया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी शेयर की. कोहली ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भगवान आपकी आत्मा को शांति दे आशा भोसले जी. आपकी आवाज ने लाखों लोगों के दिलों को छुआ है और वह आवाज हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगी. ओम शांति. विराट का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

विराट कोहली की इंस्टाग्राम स्टोरी, Pic- Screenshot/Virat Kohli(Instagram)

हार्दिक पंड्या ने जीता टॉस, चुनी बॉलिंग

इस मैच के खेल की बात करें तो मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीत लिया है. हार्दिक ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया है. उन्होंने बेंगलुरु की टीम को पहले बैटिंग के लिए बुलाया है. मुंबई की टीम अपने घर में फैंस के सामने खेल रही है. हार्दिक की योजना शुरुआत में ही बेंगलुरु के विकेट निकालकर उन पर दबाव बनाने की होगी. ओस के कारण बाद में बैटिंग करना आसान हो सकता है, इसलिए यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है.

पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमों का अब तक का सफर

टूर्नामेंट में अब तक दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखें तो बेंगलुरु की स्थिति बेहतर है. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन में अब तक तीन मैच खेले हैं. इन तीन मैचों में से उन्होंने दो में शानदार जीत दर्ज की है. वहीं दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही है. मुंबई ने अपने शुरुआती तीन मैचों में से केवल एक मैच में ही जीत हासिल की है. पॉइंट्स टेबल में ऊपर जाने के लिए मुंबई को आज का मैच जीतना बहुत जरूरी है.

ये भी पढ़ें-

बैन के डर से सुधरे दिग्वेश राठी, विकेट लेने के बाद कुछ इस अंदाज में मनाया जश्न

LSG vs GT: गुजरात ने लखनऊ को 7 विकेट से दी मात, गिल और बटलर की फिफ्टी

MI vs RCB: मुंबई ने जीता टॉस, आरसीबी की पहले बल्लेबाजी, मैच शुरू होने से पहले आशा भोसले को दी गई श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >